n NBT न्यूज, लखनऊ: राजधानी समेत पूरे प्रदेश में परिषदीय और माध्यमिक स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश (समर वेकेशन) की घोषणा कर दी गई है। बेसिक शिक्षा परिषद के अधीन आने वाले प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 20 मई से ही छुट्टियां लागू हो गई हैं। वहीं, माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) के तहत आने वाले स्कूलों में 21 मई से अवकाश की शुरुआत हो रही है। अब लखनऊ के सभी परिषदीय और माध्यमिक स्कूल 15 जून को खुलेंगे।
मौसम विभाग द्वारा जारी भारी लू (हीटवेव) के अलर्ट को देखते हुए अभिभावक और शिक्षक संगठन समय से पहले छुट्टियां करने की मांग कर रहे थे। पिछले कुछ दिनों से बढ़ रहे पारे के कारण बच्चों को स्कूल से लौटते समय काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। फिलहाल, निजी स्कूलों ने भी अपनी सहूलियत के अनुसार ऑनलाइन क्लास या छुट्टियों की घोषणा कर दी है।

