nNBT न्यूज, लखनऊ : कैसरबाग स्थित हाई कोर्ट अतिथि गृह में मंगलवार देर रात एसी में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग पहली मंजिल पर बने कमरे नंबर-212 में लगी, जहां गोरखपुर निवासी जफर शाही और समीर शाही ठहरे हुए थे। धुआं और लपटें फैलने के कारण दोनों कमरे से बाहर नहीं निकल सके और बालकनी में जाकर मदद का इंतजार करने लगे। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने सीढ़ी लगाकर दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
फायर टीम के मुताबिक घटना मंगलवार रात 11:30 बजे की है। बताया गया कि कमरे में दरवाजे के पास लगे स्प्लिट एसी में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद आग भड़क उठी। कुछ ही देर में कमरे में धुआं भर गया। आग दरवाजे के पास होने की वजह से कमरे में ठहरे जफर शाही और शमीर शाही बाहर नहीं निकल सके। दोनों किसी तरह बालकनी तक पहुंचे और वहां से मदद की गुहार लगाई। सूचना मिलते ही फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग बुझाने के साथ ही कमरे की बालकनी तक सीढ़ी पहुंचाई और दोनों लोगों को सुरक्षित नीचे उतार लिया। एफएसओ का कहना है कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है, हालांकि कमरे में रखा सामान और एसी जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।

