n NBT रिपोर्ट, साेहना
ईश्वर कॉलोनी में चोरों ने एक बंद पड़े मकान को निशाना बनाया और लाखों रुपये की सोने की जूलरी और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़िता ने इस वारदात में अपने ही छोटे बेटे और उसके नशा करने वाले दोस्तों पर चोरी का शक जाहिर किया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
ईश्वर कॉलोनी निवासी रेशम देवी ने पुलिस को बताया कि वह बीती 14 मई को अपने मकान को ताला लगाकर हरिद्वार गई थीं। जब वह लौटीं, तो घर के ताले टूटे हुए मिले और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोर घर की अलमारी से एक लाख रुपये, सोने की चेन, सोने के कुंडल और सोने का एक टीका चुरा ले गए। पीड़िता ने अपने ही छोटे बेटे विजय और उसके दो साथियों लक्ष्य व निखिल पर चोरी का शक जताया है। तीनों युवक नशे के आदी बताए जा रहे हैं।
बीमार निकला स्निफर डॉग, फिंगरप्रिंट भी नहीं मिले: चोरी की सूचना पर सोहना सिटी थाने से एएसआई सतबीर सिंह टीम के साथ पहुंचे। पुलिस ने डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट को भी मौके पर बुलाया। स्निफर डॉग बीमार होने के कारण नहीं आ सका। वहीं, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट भी घटनास्थल को काफी बार छुए जाने के कारण वहां से चोरों के फिंगरप्रिंट नहीं उठा सके।

