Chhath Puja 2023 Starts With Nahay khay 36 hour Waterless Fast Know When To Offer Arghya To The Sun
नहाय खाय के साथ आज से शुरू होगी छठ की साधना
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, फरीदाबाद
लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा नहाय-खाय के साथ आज से शुरू हो गया है। पहला दिन कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष के चतुर्थी के दिन मनाया जाता है। पहले दिन व्रती महिलाएं सुबह घर की साफ-सफाई कर आरवा चावल, चने की दाल और कद्दू की सब्जी का प्रसाद तैयार करेंगी। शहर में आठ लाख से अधिक लोग छठ पर्व मनाते है। छठ पर्व को लेकर शहर के बाजार व सब्जी मंडी भी सज गई है। छठ घाटों की सफाई के बाद रंगाई-पुताई की जा रही है। ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों में भी रेजिडेंट्स वेलफेयर असोसिएशन ने पर्व को लेकर स्विमिंग पूल की सफाई के साथ सजावट का काम शुरू कर दिया है।धोती की डिमांड बढ़ी
दिवाली के बाद शहर के बाजारों में छठ पूजन सामग्री और फलों की दुकानें सज गई है। दुकानों पर चावल, घी, गुड़, कद्दू और दाल लेने लोग पहुंच रहे हैं। छठ पूजा में बांस से बने सूप से अर्घ्य देने का विधान है। कई लोग पीतल के सूप और टोकरी का भी इस्तेमाल करते हैं। बाजार में बांस के सूप बिक रहे हैं। एनआईटी एक नंबर और ओल्ड फरीदाबाद मार्केट के कपड़ा दुकानदारों ने बताया कि छठ पर्व पर धोती की डिमांड बढ़ी है। डबुआ सब्जी मंडी और खेड़ी पुल के बाजारों में दुकाने छठ पर्व के समानों से सजी हुई है।
36 घंटे का कठिन व्रत होगा
आस्था का पर्व छठ पूजा 13 नवंबर को नहाए-खाए के साथ शुरू होगा। इन दिन व्रती आरवा चावल, चने की दाल और कद्दू की सब्जी खाएंगे। इसके बाद 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत की शुरुआत होगी। इसके बाद 14 नवंबर को खरना होगा। 15 नवंबर की शाम को व्रती महिलाएं डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगी और 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत पूरा होगा।