Chip War Nvidia Ceos Resignation Escalates Us china Tensions Ais Future At Stake
चिप की लड़ाई
नवभारतटाइम्स.कॉम•
एनवीडिया के CEO जेनसन हुआंग को आखिरकार इस्तीफा देना पड़ा। उनसे जुड़े विवाद की परछाईं कंपनी पर असर डाल रही थी और संस्थान के भीतर उनकी भूमिका को लेकर बहस शुरू हो चुकी थी। दुनिया की सबसे महत्वपूर्ण चिप कंपनी को खड़ा करने वाले जेनसन इसके पोस्टर बॉय हैं। उन्होंने तीन दशक से ज्यादा पहले कमान संभाली थी।
आरोप और जवाब । जेनसन के जाने के बाद भी इस विवाद का जल्द शांत होना मुश्किल लगता है। यह मामला किसी CEO के करियर से ज्यादा चिप पर एकाधिकार की लड़ाई से जुड़ा है। चिंता यह है कि क्या जासूसी का आरोप अमेरिका और चीन के बीच तनाव की नई वजह बन सकता है? आरोप है कि जेनसन के संपर्क में रही महिला चीनी खुफिया एजेंसी के लिए काम कर रही थी। चीन ने पहले ही इसे निराधार बताया था। अब उसके विदेश मंत्रालय ने कहा है कि अमेरिका कहानियां गढ़कर चीन के सामने तकनीकी अवरोध खड़ा करना चाहता है।पुरानी आशंका । इस आशंका के पीछे कुछ वजहें हैं। अमेरिका में इस बात को लेकर पहले से मतभेद हैं कि क्या चीन को उन्नत चिप बेचनी चाहिए। विरोध में रिपब्लिकन और डेमोक्रेट, दोनों पार्टियों के प्रतिनिधि हैं। कुछ सेनेटर तो ऐसा कानून पास कराना चाहते हैं, जिससे उनके पास चीन को अडवांस्ड AI चिप की बिक्री से पहले समीक्षा और रोक का अधिकार होगा। इस सख्ती की वजह यह आशंका है कि अमेरिका से तकनीक पाकर चीन आर्टिफिशल इंटेलिजेंस में आगे निकल सकता है। जेनसन हुआंग मामले ने इस मांग को मजबूती दी है।
पलटवार भी होगा । अमेरिकी सरकार और खुद Nvidia कंपनी यह जांच कर रही है कि कथित जासूसी कांड से कितना नुकसान हुआ, लेकिन इसके आधार पर अगर ऐसा कदम उठाया गया जो चीन पर असर डाले तो जवाब उधर से भी आएगा। ट्रंप के दूसरे कार्यकाल की शुरुआत में इसकी एक झलक मिल चुकी है। पेइचिंग के साथ टैरिफ वॉर के बीच वॉशिंगटन ने चिप की बिक्री पर सख्ती की थी। बदले में चीन ने क्रिटिकल मिनरल्स की सप्लाई पर एक्सपोर्ट कंट्रोल और कड़े लाइसेंसिंग नियम लगा दिए।
AI पर असर । उस खींचतान का असर पूरी दुनिया की इलेक्ट्रॉनिक्स, EV इंडस्ट्री पर पड़ा था। Nvidia का मामला और गंभीर है। चिप की सप्लाई चेन में किसी भी तरह का व्यवधान स्पेस से लेकर रक्षा तक, सभी सेक्टर को प्रभावित करेगा। AI की रफ्तार इस पर टिकी है। दुनिया नहीं चाहेगी कि इसमें मंदी आए।