Emotional Story Of Pandit Nehru And The Stick Seller When Respect Forged A Bond Stronger Than Money
छड़ी के पैसे
नवभारतटाइम्स.कॉम•
एक बार पंडित जवाहरलाल नेहरू शिमला की यात्रा पर थे। इसी दौरान एक दिन वह लक्कड़ बाजार से गुजर रहे थे। वहां एक दुकान पर रखी छड़ी उन्हें पसंद आ गई। जब वह बुजुर्ग दुकानदार को पैसे देने लगे तो उसने विनम्रता से यह कहकर मना कर दिया कि ‘आप हमारे प्रधानमंत्री हैं। आपसे भला पैसे कैसे ले सकता हूं!’ नेहरू जी ने मुस्कुराते हुए पूछा कि आखिर वह उनसे पैसे क्यों नहीं लेना चाहता। इस पर दुकानदार ने आत्मीयता से जवाब दिया, ‘आनंद भवन के प्रांगण में मैंने आपको अपनी गोद में खिलाया है। आप उम्र में मुझसे काफी छोटे हैं। इस नाते आप पर मेरा भी तो कुछ हक बनता है।’ बुजुर्ग की बात सुनकर नेहरू जी भावुक हो उठे। उन्होंने कुछ पल सोचा, फिर जेब से सौ रुपये का नोट निकाला और दुकानदार की ओर बढ़ाते हुए बोले, ‘आपके बाल-बच्चों पर मेरा भी तो कुछ हक बनता है। आप ये पैसे रख लीजिए और शाम को घर लौटते समय इनसे बच्चों के लिए मिठाई जरूर ले जाइएगा।’ नेहरू जी की इस बात में अपनापन भी था और बड़ों के प्रति सम्मान का भाव भी।