Gurugram Three Employees Entered Chemical Tank Without Safety Died Due To Suffocation
टैंक में बिना सुरक्षा इंतज़ाम के उतारे थे तीनों कर्मचारी !
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
भोंडसी एरिया की एक ऑटो कंपोनेंट्स कंपनी में केमिकल टैंक की सफाई के दौरान तीन कर्मचारियों की मौत के मामले में कंपनी प्रबंधन की गंभीर लापरवाही सामने आई है। आरोप है कि कर्मचारियों को बिना किसी सुरक्षा उपकरण के टैंक के अंदर उतारा गया था। मौके पर न तो कोई सुपरवाइजर मौजूद था और न ही कर्मचारियों को सेफ्टी बेल्ट और मास्क उपलब्ध कराए गए थे। प्रारंभिक जांच में सामने आई इन खामियों के आधार पर पुलिस ने कंपनी मालिक व प्रबंधन से जुड़े अधिकारियाें के खिलाफ केस दर्ज किया है।मालूम हो कि हादसे में बादशाहपुर निवासी 56 वर्षीय नरेश यादव, बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी 21 साल के मोहम्मद आरिफ और नवादा निवासी 46 वर्षीय अनिल झा की जान चली गई थी। बुधवार दोपहर तीनों कर्मचारी कंपनी में काम के सिलसिले में केमिकल टैंक के अंदर गए थे। बताया जा रहा है कि टैंक में जहरीली गैस के संपर्क में आने से तीनों बेहोश हो गए। उन्हें पहले एकता हॉस्पिटल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर पार्क हॉस्पिटल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान तीनों की मौत हो गई। औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य निदेशालय के अधिकारियों की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कर्मचारियों को टैंक में उतारने से पहले सुरक्षा के जरूरी इंतजाम नहीं किए गए थे। उनके पास न तो सेफ्टी बेल्ट थी और न ही गैस से बचाव के लिए मास्क या अन्य सुरक्षा उपकरण। टैंक की सफाई के दौरान निगरानी के लिए कोई सुपरवाइजर भी नहीं था।
टैंक की सफाई के काम के बारे में नहीं थी जानकारी : अधिकारियों का कहना है कि टैंक की सफाई के काम के बारे में भी कर्मचारियों को पर्याप्त जानकारी नहीं थी। वहीं हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए एफएसएल की टीम ने कैमिकल टैंक से सैंपल इकट्ठा किए हैं। इनकी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि टैंक में कौन सी गैस मौजूद थी और उसकी वजह से कर्मचारियों की मौत हुई। प्रारंभिक जानकारी में टैंक में लीथियम और अन्य कंपोनेंट से जुड़े पदार्थों की मौजूदगी की बात सामने आई है। औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य निदेशालय की ओर से मृतकों के परिजनों को श्रम कल्याण बोर्ड के माध्यम से मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। अधिकारियों के अनुसार, कंपनी की तरफ से भी पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिलाया जाएगा।