भारत के लिए ख़ास शतरंज का यह शतक

नवभारतटाइम्स.कॉम•
indias 100th grandmaster anuj shrivastava and indias golden chess century
मध्य प्रदेश के कटनी जिले के रहने वाले 22 वर्षीय अनुज श्रीवात्री पिछले हफ्ते भारत के 100वें ग्रैंडमास्टर बने। शतरंज में यह शतक बेहद खास है। कभी चेस के ग्लोबल सुपरपावर्स की चर्चा होती थी तो रूस, अमेरिका और यूरोप के कुछ देशों का नाम लिया जाता। भारत में शतरंज का इतिहास रहा है, लेकिन देश को इस एलीट लिस्ट में जगह बनाने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। हालांकि पिछले तीन दशकों में भारतीय शतरंज ने जो छलांग लगाई है, उसने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा है।

आनंद से प्रेरणा । भारत में शतरंज क्रांति की कहानी 1988 में विश्वनाथन आनंद के ग्रैंडमास्टर बनने से शुरू होती है। आनंद की सफलता युवाओं की प्रेरणा बनी। शुरुआत धीमी रही। भारत को अपने पहले पांच ग्रैंडमास्टर तैयार करने में 14 साल लगे थे, लेकिन आज तस्वीर बिल्कुल अलग है। पिछले 10 वर्षों में ही 56 ग्रैंडमास्टर मिले हैं। यह किसी भी खेल में एक असाधारण उपलब्धि है। वैसे, रूस में सबसे अधिक 184 ग्रैंडमास्टर हैं। इसके बाद अमेरिका में 115 और जर्मनी में 103 हैं। भारत चौथे नंबर पर है।
तमिलनाडु आगे । भारतीय शतरंज क्रांति का सबसे मजबूत केंद्र लंबे समय तक तमिलनाडु रहा है। इस राज्य से अब तक 38 ग्रैंडमास्टर निकले हैं। चेन्नै शतरंज की नर्सरी है। विश्वनाथन आनंद की विरासत, मजबूत अकादमियां, ट्रेनर्स की उपलब्धता, हर आयु वर्ग की प्रतियोगिताओं का नियमित आयोजन और खेल के प्रति सामाजिक स्वीकार्यता ने तमिलनाडु को देश का चेस सेंटर बनाया। वहीं, महाराष्ट्र से 14 और पश्चिम बंगाल से 12 ग्रैंडमास्टर निकले हैं। दिल्ली ने आठ और आंध्र प्रदेश ने सात ग्रैंडमास्टर दिए हैं। यहां तक कि अब हरियाणा, असम, गोवा, गुजरात, ओडिशा से भी ग्रैंडमास्टर हैं। यह विस्तार ही भारतीय शतरंज की असली ताकत है।

बदलाव के कारण । इंटरनेट और ऑनलाइन चेस ने छोटे शहरों के खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रतिद्वंद्वियों से मुकाबला आसान बनाया है। डिजिटल ट्रेनिंग, विडियो ट्यूटोरियल, ऑनलाइन टूर्नामेंट्स और आधुनिक कोचिंग ने प्रतिभा व संसाधनों के बीच की दूरी कम की है। शतरंज खिलाड़ियों को मिल रही सफलताएं, प्रतिष्ठा और पैसे को देखते हुए माता-पिता अब बच्चों को रोकते नहीं, प्रोत्साहित करते हैं।

कमाल रेटिंग । ग्रैंडमास्टर्स की औसत रेटिंग में भारत 2706 के साथ दुनिया में दूसरे स्थान पर है। डी गुकेश वर्ल्ड चैंपियन हैं तो उनके मित्र आर प्रग्नानंदा पिछले दिनों दुनिया की कई बड़ी प्रतियोगिताओं के विजेता रहे। दिव्या देशमुख, कोनेरू हंपी समेत कुल आठ भारतीय खिलाड़ी अलग-अलग आयु वर्गों में विश्व चैंपियन बने। 64 खानों पर देश की बढ़ती पकड़ महज एक खेल की सफलता नहीं, बदलते भारत की बौद्धिक शक्ति का भी प्रमाण है।

रेकमेंडेड खबरें