The Truth Of Book Review How To Comment On Light Without Reading
पुस्तक समीक्षा
नवभारतटाइम्स.कॉम•
सुखनंदन पुस्तक-विमोचन के लिए निकल रहे थे कि संवाददाताओं ने घेर लिया, ‘प्रकाश पर कुछ प्रकाश डालें।’ ‘जैसा कि पुस्तक के शीर्षक से ही स्पष्ट है, यह अंतस के तम पर प्रहार करते हुए चेतना के प्रकाश की यात्रा है। यह व्यक्तिगत अनुभवों का समुच्चय मात्र नहीं, अपितु विश्व द्रष्टा का राष्ट्रीय दर्शन भी है।’ सुखनंदन ने त्वरित टिप्पणी की।
समीक्षा सुन सुधर्मा के चेहरे पर हैरानी तैर गई। पास खड़े जयचंद से पूछा, ‘इन्होंने पुस्तक पढ़ी भी है?’ जयचंद सकपका गए। बोले, ‘समीक्षक से यह प्रश्न पूछना तो असभ्यता की निशानी है, वैसे आप ऐसा क्यों कह रही हैं?’ ‘क्योंकि, पुस्तक तो ऊर्जा विभाग की एक दशक की उपलब्धियों पर आधारित है।’ यह कहकर वह सुखनंदन संग कार्यक्रम स्थल की ओर बढ़ गईं।‘आपको नहीं लगता कि समीक्षा के पहले पुस्तक एक बार पढ़ लेनी चाहिए?’ सुधर्मा अब भी समीक्षकीय टिप्पणी पर ही अटकी थीं। ‘समीक्षा का पहला सिद्धांत क्या है?’ जवाब के तौर पर सवाल आया। ‘निष्पक्षता’, उत्तर तैयार था। सुखनंदन मुस्कुराए, ‘यही मेरा भी मानना है। पुस्तक खोलने से पूर्वाग्रह पनप सकता है। लेखक क्या कहना चाहता है, यह जान लेना समीक्षा की निष्पक्षता के खिलाफ है। पुस्तक पढ़ने से यह संशय उपजने का खतरा रहता है कि लेखक का आशय कुछ और भी हो सकता है। बिना पढ़े मैं दावा ठोक कर कह सकता हूं कि जो मैंने समझा है लेखक ने वही लिखा है।’
‘तो फिर समीक्षा किस आधार पर होती है?’ ‘लेखक के चेहरे पर।’ सुखनंदन ने सहजता से कहा। ‘बड़ा नेता है तो कृति युगांतकारी। विरोधी है तो आत्मश्लाघा। प्रसिद्ध लेखक है तो एक और बहुचर्चित हस्ताक्षर। नया लेखक है तो संभावनाओं से परिपूर्ण हस्तक्षेप।’ सुखनंदन मंच की ओर बढ़ गए।