Cm Yogis Witty Remarks At Minister Sandeeps Engagement Echoed With Laughter Attended By 80000 Guests
मंत्री संदीप की सगाई में सीएम की चुटकियों पर लगे ठहाके
Contributed by: deep.singh|नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ/अलीगढ़ : पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पौत्र और बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभारी) संदीप सिंह और उनके भाई सौरभ सिंह की सगाई में शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सिंह सहित कई मंत्री और भाजपा के बड़े नेता शामिल हुए। इस दौरान शुभकामनाएं देने के साथ ही जय श्रीराम के नारे लगे। मुख्यमंत्री ने संदीप सिंह के पिता राजवीर सिंह पर चुटकी ली तो पूरा पंडाल ठहाकों से गूंज उठा। उन्होंने कहा कि राजवीर निमंत्रण देना नहीं चाह रहे थे। पत्नी की डांट के बाद उन्होंने आप सबको बुलाया है। इसी बहाने हमको भी मौका मिल गया।
100 बीघा जमीन पर भव्य पंडाल : संदीप सिंह और उनके भाई के सगाई समारोह के लिए अलीगढ़ में 100 बीघा जमीन पर भव्य पंडाल सजाया गया था। इस समारोह में करीब 80 हजार मेहमान पहुंचे। इनमें प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा प्रदेश सरकार के मंत्री, उत्तराखंड सहित कई राज्यों के मंत्री और भाजपा के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। भव्य समारोह में सभी मेहमानों की मौजूदगी में संदीप सिंह ने अपनी मंगेतर मेघना त्यागी को अंगूठी पहनाई। इस दौरान खूब आतिशबाजी भी हुई।खूब लीं चुटकियां : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कई मंत्रियों के साथ पंडाल में पहुंचे। स्टेज पर पहुंचकर उन्होंने खुद जय श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगवाए। उसके बाद उन्होंने आशीर्वचन के तौर पर कुछ बातें कहीं। इस दौरान उन्होंने खूब चुटकियां भी लीं। उन्होंने यह भी कहा कि राजवीर सिंह ने तो पत्नी के दबाव में निमंत्रण दिया लेकिन संदीप मुझे पहले ही आमंत्रित कर चुके थे। वह हमारी सरकार में शिक्षा मंत्री भी हैं। उन्होंने कहा कि मुझे ये लगा कि शाम चार बजे के बाद पहुंचने पर समारोह में भीड़ कुछ कम मिलेगी, लेकिन यहां तो अपार जनसमूह मौजूद है। यह भीड़ पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बाबूजी कल्याण सिंह की अपार लोकप्रियता और उनके प्रति लोगों के स्नेह का प्रमाण है।
आशीर्वाद के साथ ओडीओपी गिफ्ट : मुख्यमंत्री ने इस मौके पर वर-वधू को आशीर्वाद के साथ ही तोहफे में ओडीओपी का गिफ्ट पैक भी दिया। सीएम योगी के पहुंचने पर समारोह में मौजूद लोगों ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, ऊर्जा मंत्री एके शर्मा, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह समेत प्रदेश सरकार के कई मंत्री और राजनीतिक क्षेत्र की प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। बड़ी संख्या में वीआईपी अतिथियों की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। संदीप सिंह की शादी 26 नवंबर को दिल्ली के होटल में होगी।