Veer Dhawal Shah And Hriday Maniyar Win Maharashtra State School Chess Championship 2026
वीर और हृदय बने स्टेट स्कूल चेस चैंपियन
नवभारतटाइम्स.कॉम•
NBT रिपोर्ट, मुंबईः वीर धवल शाह और हृदय मनियार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महाराष्ट्र स्टेट स्कूल चेस चैंपियनशिप 2026 में अपने-अपने वर्ग का खिताब जीत लिया। दोनों खिलाड़ियों ने सभी सात मुकाबलों में जीत दर्ज कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता का समापन रविवार को दहिसर (पश्चिम) स्थित रुस्तमजी कैम्ब्रिज इंटरनैशनल स्कूल में हुआ। अंडर-9 ओपन वर्ग में जामनाबाई नरसी स्कूल, जेवीपीडी के वीर धवल शाह (1501) ने सात में से सात अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। अंडर-9 बालिका वर्ग में मुकाबला काफी रोमांचक रहा। संजीवनी इंटरनैशनल स्कूल की लावण्या सिंह (1448) ने छह अंक हासिल किए और बेहतर टाईब्रेक के आधार पर चैंपियन बनीं। जेबी पेटिट हाई स्कूल फॉर गर्ल्स की इशी सिंह (1538) भी छह अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। निकिता संदीप ने भी छह अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। अंडर-13 ओपन वर्ग में नारायणा ओलंपियाड स्कूल के विहान अनुपम अग्रवाल (1858) ने सात में से छह अंक हासिल कर खिताब जीता। अंडर-13 बालिका वर्ग में एवलॉन हाइट्स इंटरनैशनल स्कूल की तिस्या अपूर्व पट्ट (1524) ने छह अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। अंडर-17 ओपन वर्ग में शीर्ष वरीयता प्राप्त हृदय मनियार (1910) ने अपने सभी सात मुकाबले जीतकर पूरे सात अंक हासिल किए और चैंपियन बने। अंडर-17 बालिका वर्ग में शीर्ष वरीयता प्राप्त दृश्या नाइक (1713) ने 6.5 अंक हासिल कर खिताब अपने नाम किया। यह प्रतियोगिता 16 से 20 दिसंबर 2026 तक अहमदाबाद में होने वाली राष्ट्रीय स्कूल शतरंज चैंपियनशिप के लिए चयन प्रतियोगिता भी थी। छह श्रेणियों में से प्रत्येक के शीर्ष दो खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वॉलिफाई किया है।