आईसीसी विमेंस इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी: श्रीलंका ने पापुआ न्यू गिनी को 67 रन से हराया, स्कॉटलैंड की यूएई पर आसान जीत
आईसीसी विमेंस इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी: श्रीलंका ने पापुआ न्यू गिनी को 67 रन से हराया, स्कॉटलैंड की यूएई पर आसान जीत
NewsPoint•
नई दिल्ली, 15 नवंबर (आईएएनएस)। आईसीसी विमेंस इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी 2026 में श्रीलंका ने पापुआ न्यू गिनी को 67 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। वहीं स्कॉटलैंड ने यूएई को 7 विकेट से मात दी। इन दोनों मैचों में खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और दर्शकों का ध्यान खींचा।
श्रीलंका बनाम पापुआ न्यू गिनी के मैच में, श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 150 रन बनाए। विशमी गुनारत्ने ने टीम के लिए 51 रन बनाकर मुख्य भूमिका निभाई। उन्होंने 48 गेंदों का सामना किया। इसके अलावा, इमेशा दुलानी ने 21 गेंदों में 32 रन और हसिनी परेरा ने 20 रन का योगदान किया। पापुआ न्यू गिनी ने 151 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 9 विकेट पर सिर्फ 83 रन बनाए। इस मैच में चार बल्लेबाजों ने खाता खोले बिना ही आउट होकर पैवेलियन लौट गए। श्रीलंका की गेंदबाजी में सत्या संदीपनी और सुगंधिका कुमारी ने दो-दो विकेट हासिल किए। सुगंधिका ने 3 ओवर में केवल 10 रन दिए, जबकि सत्या ने 15 रन देकर 2 विकेट झटके।वहीं, स्कॉटलैंड बनाम यूएई के मैच में, यूएई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 138 रन बनाए। टीम की कप्तान ईशा ओजा ने 52 गेंदों में 64 रनों की शानदार पारी खेली। इसके अलावा, हीना होटचंदानी ने 42 गेंदों में 43 रन बनाए। स्कॉटलैंड की गेंदबाजी में किर्स्टी गॉर्डन ने 2 विकेट चटकाए। स्कॉटलैंड ने 139 रनों का लक्ष्य 18.1 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। कैथरीन ब्राइस ने 36 गेंदों में 51 रन बनाए और सारा ब्राइस ने 42 गेंदों में 43 रन बनाकर टीम की जीत को सुनिश्चित किया।
इन दोनों मैचों में खिलाड़ियों के जज्बे ने दर्शकों का ध्यान खींचा। श्रीलंका की टीम ने जहां एकतरफा जीत दर्ज की, वहीं स्कॉटलैंड ने भी अपनी ताकत दिखाते हुए बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। इन मैचों ने यह साबित कर दिया कि महिला क्रिकेट भी पुरुष क्रिकेट की तरह ही प्रतिस्पर्धी और रोमांचक है। ऐसी ही बेहतरीन पारियों की उम्मीद आगे के मैचों में भी रहेगी। --आईएएनएस एसएम/वीसी