AIMIM प्रमुख व सांसद असदुद्दीन ओवैसी को शनिवार को सर्किट हाउस में पुलिस ने गलती से गार्ड ऑफ ऑनर दे दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। पुलिस ने जांच के आदेश दिए हैं। एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि जांच की जिम्मेदारी एसपी ग्रामीण मयंक पाठक को सौंपी गई है।सूत्रों के मुताबिक, पुलिसकर्मियों ने ओवैसी को सुप्रीम कोर्ट का न्यायाधीश समझ लिया। दरअसल, सर्किट हाउस में एक न्यायाधीश के आने का कार्यक्रम तय था। उनकी अगवानी के लिए पुलिस टीम सुबह ही पहुंच गई थी, हालांकि उनसे पहले ओवैसी पहुंच गए और भ्रम में पुलिसकर्मियों ने औपचारिक सलामी दे दी।
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, ओवैसी का सर्किट हाउस जाना तय कार्यक्रम में शामिल नहीं था। वह अचानक वहां पहुंचे थे। ओवैसी के साथ आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद भी थे।