nNBT न्यूज, मलिहाबाद : पुरवा गांव के पास मोहान रोड पर देर रात वैन और होंडा सिटी कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में वैन सवार मां-बेटी समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्नाव के हसनगंज क्षेत्र स्थित कुइयां मदारपुर गांव से बारात रहीमाबाद के दौलतपुर गांव गई थी। शुक्रवार देर रात करीब 1 बजे बाराती ओमनी वैन (UP 32 KL 1653) से वापस लौट रहे थे। वैन मलिहाबाद के पुरवा गांव के पास पहुंची थी, तभी मोहान की तरफ से आ रही होंडा सिटी कार (UP 34 AE 0505) से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे में वैन चालक उन्नाव के ऊंचाद्वार निवासी रामजी (30), रहीमाबाद के लुधई गांव निवासी प्रिया (12) और उसकी मां मायादेवी (35) की मौत हो गई। वहीं सरोज कुमारी (35), आनंद (25), प्राची (14), आशिक (16), छोटू (15), हर्ष चंद (22) और दीपांशी (17) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है। थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि होंडा सिटी के नंबर के आधार पर उसके मालिक की पहचान कासगंज निवासी मोहम्मद सुहैल के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है।