2027 में फिर प्रचंड बहुमत से बनेगी भाजपा सरकार: केशव प्रसाद मौर्य
2027 में फिर प्रचंड बहुमत से बनेगी भाजपा सरकार: केशव प्रसाद मौर्य
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा
महान स्वतंत्रता सेनानी और संविधान सभा के सदस्य डॉ. रत्नप्पा कुम्हार की 117वीं जयंती पर रविवार को कनारसी गांव में कार्यक्रम हुआ। यहां उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में दोपहर एक बजे पहुंचे। डॉ. रत्नप्पा कुम्हार को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके योगदान को याद किया गया।समारोह में उपमुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार में न तो विकास होता था और न ही भाजपा को विकास करने दिया जाता था। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा फिर प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी। मौर्य ने कहा कि सपा सरकार में पुलिस बदमाशों से डरती थी, जबकि भाजपा सरकार में बदमाश पुलिस से डरते हैं। पहले अपराधियों को इतनी ताकत दी जाती थी कि अधिकारी भी उनसे भयभीत रहते थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सेना पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दे रही है और सर्जिकल स्ट्राइक के जरिए अपनी ताकत दिखा चुकी है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव 2027 में मुख्यमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं, लेकिन उनका यह सपना पूरा नहीं होगा। 2027 से 2047 तक प्रदेश में सपा की सरकार नहीं बनेगी। राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने की संभावना को भी उन्होंने खारिज किया। इस मौके पर सांसद डॉ. महेश शर्मा, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, विधायक तेजपाल नागर, नवाब सिंह नागर, पूर्व उपाध्यक्ष लोकेश प्रजापति, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, जिला उपाध्यक्ष सत्येंद्र नागर, शिवकुमार प्रजापति उपस्थित रहे।