गुरु नानक देव ने दिया बांटकर छको का संदेश

नवभारतटाइम्स.कॉम•
Navbharat Times
n NBT न्यूज, लखनऊ : सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव का 557वां प्रकाश पर्व मंगलवार को उत्साह के साथ मनाया गया।

आलमबाग स्थित केंद्रीय सिंह सभा गुरुद्वारे में हेड ग्रंथी ज्ञानी जसकरन सिंह ने गुरु नानक देव के जीवन और शिक्षाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने संगत को नाम जपो, किरत करो और बांटकर छको का संदेश देते हुए गुरु के बताए मार्ग पर चलने की अपील की। इसके बाद रागी जत्था भाई अमरजीत सिंह ने गुरबाणी कीर्तन से संगत को निहाल किया। गुरुद्वारा प्रधान निर्मल सिंह, जनरल सेक्रेटरी रतपाल सिंह गोल्डी और हरजीत सिंह सरला ने संगत को प्रकाश पर्व की बधाई दी। अंत में गुरु का अटूट लंगर वितरित किया गया। नाका गुरुद्वारा की ओर से डीएवी कॉलेज में भी प्रकाशोत्सव पर भव्य समारोह हुआ। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मत्था टेका और शबद-कीर्तन का आनंद लिया। ऐतिहासिक गुरुद्वारा गुरु तेग बहादुर साहिब में विशेष सजावट की गई। अमृतसर के दरबार साहिब से आए ज्ञानी केवल सिंह और हजूरी रागी भाई जगदीप सिंह व भाई जगतार सिंह ने कीर्तन किया। श्री गुरु ग्रंथ साहिब पर गुलाब के फूलों की वर्षा की गई। कार्यक्रम में गुरुद्वारा अध्यक्ष डॉ. गुरमीत सिंह और सचिव मनमोहन सिंह हैप्पी समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं, लालबाग स्थित हरि ओम मंदिर को भी सजाया गया।

रेकमेंडेड खबरें