‘सिख गुरुओं का बलिदान अमूल्य धरोहर’

नवभारतटाइम्स.कॉम•
‘सिख गुरुओं का बलिदान अमूल्य धरोहर’
n NBT न्यूज, लखनऊ : सीएम योगी ने कहा कि जब तक सिख गुरुओं के प्रति श्रद्धा और सम्मान का भाव रहेगा, दुनिया की कोई ताकत भारत का बाल बांका नहीं कर पाएगी। सिख गुरुओं का त्याग, तपस्या और बलिदान राष्ट्रीय एकता व सामाजिक समरसता की अमूल्य धरोहर है। सिखों के प्रथम गुरु नानक देव के 557वें प्रकाश पर्व पर मंगलवार को डीएवी कॉलेज परिसर में आयोजित समारोह में सीएम योगी आदित्यनाथ ने यह बात कही।

‘लंगर की परंपरा सेवा का जीवंत उदाहरण’ : गुरु नानक देवजी के एक ओंकार और ‘नाम जपो, कीरत करो, वंड छको’ के सिद्धांतों का उल्लेख करते हुए सीएम ने कहा कि लंगर की परंपरा बिना जाति-मजहब के भेदभाव के सबको एक पंगत में बैठाकर समानता और सेवा का जीवंत उदाहरण पेश करती है। सीएम ने कहा कि गुरु तेग बहादुर, गुरु गोबिंद सिंह और चारों साहिबजादे बाबा अजीत सिंह, बाबा जुझार सिंह, बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि अल्पायु में उनकी अडिग निष्ठा हर भारतीय के लिए प्रेरणा है। सीएम ने बताया कि लखनऊ के गुरुद्वारों के सहयोग से शुरू हुई 26 दिसंबर के वीर बाल दिवस की पहल आज देशव्यापी आयोजन बन चुकी है, जिससे नई पीढ़ी को राष्ट्र और धर्म के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने काशी की देव दीपावली का भी उल्लेख किया और ननकाना साहिब व करतारपुर साहिब के आयोजनों में श्रद्धालुओं के शामिल होने की कामना की। समारोह में मंत्री बलदेव सिंह औलख, यहियांगज गुरुद्वारा के अध्यक्ष डॉ. गुरमीत सिंह, नाका गुरुद्वारा के अध्यक्ष डॉ. अमरजोत सिंह सहित अन्य गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटियों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

रेकमेंडेड खबरें