1 Lakh Cheating In The Name Of Investment Accused Providing Account Arrested 7 Arrested
निवेश के बहाने एक लाख की ठगी, खाता देने वाला अरेस्ट
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, बल्लभगढ़
टाटा कंपनी के साथ रीसाइक्लिंग प्रॉजेक्ट में निवेश कर 300 प्रतिशत मुनाफा कमाने का लालच देकर एक व्यक्ति से एक लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राजस्थान के जयपुर निवासी राहुल मिश्रा के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार, वह ठगी की रकम मंगवाने के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने में शामिल था। अदालत में पेश करने के बाद उसे पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मामले में अब तक सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। सेक्टर-7 निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि वह इंस्टाग्राम पर सर्फिंग कर रहा था। इसी दौरान उसे इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन से संबंधित एक विज्ञापन दिखाई दिया। विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद वह वॉट्सऐप चैट पर पहुंच गया, जहां उसकी बातचीत एक जापानी महिला से हुई। महिला ने उसे टाटा कंपनी के साथ रीसाइक्लिंग प्रॉजेक्ट में निवेश करने पर 300 प्रतिशत मुनाफा मिलने का झांसा दिया। उसके बहकावे में आकर पीड़ित ने एक लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में ठगी का पता चलने पर उसने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। प्राथमिक पूछताछ में सामने आया कि राहुल मिश्रा ने अनुराग से संदीप और आशीष के करंट बैंक खाते प्राप्त किए थे। इसके बाद ये खाते शिवम को उपलब्ध कराए गए। ठगी की रकम इन्हीं खातों में आई थी।