Faridabad Road Blocked And Attacked With Sticks Two More Accused Arrested
रास्ता रोककर लाठी-डंडों से हमला करने में दो और आरोपी गिरफ्तार
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
रास्ते में साइड लेने को लेकर हुए विवाद के बाद युवक को रोककर मारपीट करने और बीच-बचाव करने आए दूसरे युवक पर लाठी-डंडों व ईंट-पत्थरों से हमला करने के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की पहचान गांव नगला जोगियान निवासी बंटी और विष्णु उर्फ गुलशन के रूप में हुई है। मामले में पुलिस पहले भी दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।गांव भनकपुर निवासी रितिक ने शिकायत दी थी कि 20 सितंबर की रात वह स्कूटी से अपने गांव जा रहा था। चैकमैट होटल के पास मोटरसाइकल सवार एक युवक ने उसके साथ गाली-गलौज की। इसके बाद नंगला होली चौक के पास पहुंचने पर उस युवक ने अपने साथियों को फोन कर बुला लिया। आरोप है कि वहां आरोपियों ने रितिक को रास्ते में रोककर उसके साथ मारपीट की। शिकायत के अनुसार, इसी दौरान गांव का तुषार वहां से गुजर रहा था। उसने रितिक को आरोपियों से बचाने का प्रयास किया तो हमलावरों ने उस पर भी लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर बंटी, नेपाल, अर्जुन, प्रवीण, योगेश और गुलशन समेत अन्य के खिलाफ सेक्टर-58 थाने में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था।
नेपाल ने फोन कर बुलाए थे साथी : पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि रास्ते में साइड लेने को लेकर नेपाल और शिकायतकर्ता के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद नेपाल ने अपने साथियों को नंगला होली चौक पर बुला लिया था। पुलिस के अनुसार, मामले में पहले नेपाल और योगेंद्र को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब बंटी और विष्णु उर्फ गुलशन को गिरफ्तार किया गया है। दोनों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।