कुएं में गिरकर बुज़र्ग की मौत, छह घंटे बाद निकाला शव

नवभारतटाइम्स.कॉम•
कुएं में गिरकर बुज़र्ग की मौत, छह घंटे बाद निकाला शव
nNBT न्यूज, निगोहां : निगोहां के लालपुर गांव में बुधवार सुबह हाईवे किनारे खेत में बने 70 फुट गहरे पुराने कुएं में गिरकर बुजुर्ग की मौत हो गई। पुलिस, फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ, जल पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने ग्रामीणों की मदद से करीब छह घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। कुएं से पानी निकालने के लिए ट्रैक्टर और बोरवेल इंजन की मदद ली गई, लेकिन पानी का स्रोत तेज होने से बचाव कार्य में परेशानी आई। आखिरकार बुजुर्ग का शव बाहर निकाला जा सका।

खाना खाने के बाद घर से निकले थे
लालपुर निवासी शिवदर्शन के मुताबिक, उनके पिता सरदार (80) बुधवार सुबह 10 बजे खाना खाने के बाद घर से निकले थे। कुछ देर बाद पड़ोसी ने उनके कुएं में गिरने की सूचना दी। परिवारीजन मौके पर पहुंचे तो कुएं के बाहर उनकी चप्पलें और लाठी पड़ी थीं। अंदर पानी में उनका गमछा उतराता दिखा। सूचना पर पहुंची बचाव टीमों ने रेस्क्यू शुरू किया। छह घंटे की मशक्कत के बाद बुजुर्ग को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवार में पत्नी सुखरानी, इकलौता बेटा शिवदर्शन और बहू हरवादेई हैं। बेटे ने बताया कि उनके पिता की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी। एसओ निगोहां रवींद्र कुमार ने बताया कि परिवारीजनों ने किसी पर आरोप नहीं लगाया है।

14 साल पहले भी हुई थी युवक की मौत

ग्रामीणों के मुताबिक, करीब 200 साल पुराना कुआं इस्तेमाल में नहीं है। वर्ष 2012 में इसी कुएं में गिरने से रामचंद्र के बेटे सूरज (19) की मौत हो गई थी। कई मवेशी भी इसमें गिरकर जान गंवा चुके हैं। इसके बावजूद कुआं खुला है। बुजुर्ग की मौत के बाद ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए प्रशासन से कुएं को बंद कराने की मांग की है।

रेकमेंडेड खबरें