Singaporean Companies To Make Huge Investments In Manufacturing Logistics And Data Centers In Uttar Pradesh
मैन्युफैक्चरिंग, लॉजिस्टिक्स, डेटा सेंटर सेक्टर में निवेश करेंगी सिंगापुर की कंपनियां
Contributed by: anand.tripathi|नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : सिंगापुर के निवेशक प्रदेश में मैन्युफैक्चरिंग लॉजिस्टिक्स, सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर, ग्रीन एनर्जी, अर्बन प्लानिंग और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में निवेश करेंगे। इस बाबत बुधवार को सिंगापुर के उद्योगपतियों व निवेशकों के 14 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। यह प्रतिनिधिमंडल फरवरी में मुख्यमंत्री की सिंगापुर यात्रा के बाद अब उत्तर प्रदेश के दौरे पर आया है। प्रतिनिधिमंडल के साथ मुलाकात के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सिंगापुर की यात्रा के दौरान लगभग 60,000 करोड़ रुपये के निवेश समझौतों पर सहमति बनी थी। सिंगापुर रोड शो के दौरान राज्य सरकार ने निवेशकों को 'सेफ्टी, स्टेबिलिटी और स्पीड' का जो भरोसा दिया था, प्रदेश आज भी उसी कमिटमेंट के साथ आगे बढ़ रहा है।
सिंगापुर सिटी, हाई-टेक इंडस्ट्रियल टाउनशिप का प्रस्ताव : मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को जेवर स्थित नोएडा इंटरनैशनल एयरपोर्ट के पास 'सिंगापुर सिटी' और हाई-टेक इंडस्ट्रियल टाउनशिप विकसित करने का प्रस्ताव दिया। उन्होंने कहा कि ईस्टर्न और वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के संगम और विश्वस्तरीय एक्सप्रेस-वे नेटवर्क से जुड़ा यह क्षेत्र अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के लिए उत्तर भारत का प्रमुख सप्लाई चेन हब बनने की क्षमता रखता है।ये कंपनियां करेंगी निवेश : बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने मेसर्स ग्रेटर नासिक इन्फ्राकॉन प्राइवेट लिमिटेड को पात्रता प्रमाणपत्र प्रदान किया। यह कंपनी यीडा के सेक्टर 8डी में ₹775 करोड़ की लागत से इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग हब स्थापित करेगी। इससे 1,880 प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। इस दौरान वैश्विक कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण कंपनी एग्रीकॉर्प इंटरनैशनल के साथ एमओयू साइन किया गया। कंपनी उत्तर प्रदेश में सोया प्रोटीन आइसोलेट और चना प्रोटीन कंसंट्रेट के उत्पादन के लिए अत्याधुनिक ग्रीनफील्ड मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी स्थापित करेगी। ब्लू प्लैनेट एनवायरनमेंटल सॉल्यूशंस के साथ भी एमओयू किया गया। कंपनी प्रदेश में ₹250 से ₹350 करोड़ के अनुमानित निवेश से 7.5 लाख टन लिगेसी वेस्ट प्लांट लगाएगी। परियोजना से 100 से 120 लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
75,000 एकड़ से अधिक लैंडबैंक : सीएम ने कहा कि औद्योगिक निवेश के लिए प्रदेश में 75 हजार एकड़ से अधिक का लैंड बैंक उपलब्ध है। 27 इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग ऐंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर विकसित किए जा रहे हैं। सीएम ने कहा कि लखनऊ, स्टेट कैपिटल रीजन और नई टाउनशिप्स के सुनियोजित विकास में सिंगापुर की विश्वप्रसिद्ध अर्बन प्लानिंग विशेषज्ञता का लाभ उठाया जा सकता है। बैठक में सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के चेयरमैन मार्क ली ने कहा कि नए उत्तर प्रदेश में सिंगापुर की कंपनियों के लिए व्यापक व्यावसायिक संभावनाएं मौजूद हैं।