सपा प्रवक्ता उदयवीर सिंह ने भाजपा के बयानों पर की तीखी प्रतिक्रिया, चुनावी वादों पर उठाए सवाल
सपा प्रवक्ता उदयवीर सिंह ने भाजपा के बयानों पर की तीखी प्रतिक्रिया, चुनावी वादों पर उठाए सवाल
NewsPoint•
लखनऊ, 2 नवंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रवक्ता उदयवीर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा नेताओं के बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह अपनी नाकामियों से ध्यान हटाने की कोशिश कर रही है। वे बोले, "भाजपा चुनावी वादे पूरे नहीं कर रही है और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर कर रही है।" इंडिया गठबंधन की रैली में भीड़ को एआई से तैयार बताने पर उन्होंने कहा, "जब कहने के लिए कुछ नहीं बचता तो इस तरह की बातें की जाती हैं।"
उदयवीर सिंह ने यह प्रतिक्रिया तब दी जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव की तैयारी के दौरान सपा सरकार के समय को निशाना बनाया। उन्होंने कहा, "सीएम योगी को समझना चाहिए कि आज का युवा इतिहास और भूगोल पढ़ता है।" वे आगे बोले, "सीएम योगी ऐसे बयान देकर राम मंदिर में चंदे की कथित चोरी और अपनी सरकार में भ्रष्टाचार के सवालों से बचना चाहते हैं।"सिंह ने सीएम योगी की योग्यता पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें अपने कार्यकाल के दौरान हो रहे अपराध और भ्रष्टाचार पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने एक्सप्रेसवे की टूटी सड़कों का जिक्र करते हुए कहा, "सरकार को अपनी व्यवस्थाओं और भ्रष्टाचार के आरोपों पर जवाब देना चाहिए।"
इंडिया गठबंधन की रैली में दिखाई गई भीड़ को एआई जनरेटेड बताए जाने पर उदयवीर ने कहा, "मीडिया चैनलों के प्रतिनिधि भी रैली में मौजूद थे। यदि भीड़ के दृश्य एआई से तैयार किए गए हैं, तो इसकी जांच और पुष्टि हो सकती है।" उन्होंने भाजपा के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि यह सिर्फ एक बेजा तंज है।
स्वामी प्रसाद मौर्य के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए, जिसमें उन्होंने कहा था कि जब अखिलेश यादव आजम खान के नहीं हुए, तो उनके क्या होंगे, उदयवीर ने कहा, "इस तरह के कई स्तरहीन बयान दिए जा रहे हैं। सपा के नेता एक परिवार की तरह हैं।" उन्होंने कहा कि पार्टी के नेताओं के आपसी संबंधों के बारे में किसी तीसरे व्यक्ति के ज्ञान की कोई जरूरत नहीं है।
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम से मुलाकात को लेकर उन्होंने कहा, "कांग्रेस के नेता किससे मिलते हैं, यह उनका अपना मामला है।" उन्होंने स्पष्ट किया कि इंडिया गठबंधन के स्तर पर राहुल गांधी और अखिलेश यादव के बीच बातचीत होगी तब किसी मुद्दे पर निर्णय आएगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सपा की लाल टोपी को महिलाओं के लिए खतरे की घंटी बताया था। इस पर उदयवीर ने कहा, "भाजपा को पहले अपने 10 साल के शासन का हिसाब देना चाहिए।" उन्होंने भाजपा के चुनावी वादों को चैलेंज करते हुए कहा कि 2 करोड़ रोजगार और 15 लाख रुपए जैसे वादों को सरकार ने कितना पूरा किया है? वे बोले, "भाजपा हर चुनाव में नए वादे करती है, लेकिन जनता को शोषण, अत्याचार और भ्रष्टाचार का सामना करना पड़ रहा है।"
उदयवीर ने मौलाना जरजिस के उत्तर प्रदेश को फ़िलिस्तीन बनने से बचाने के बयान पर कहा कि उन्होंने अभी उसका बयान नहीं देखा है। उन्होंने कहा, "किसी राजनीतिक पार्टी को बिना बयान देखे किसी व्यक्ति पर टिप्पणी नहीं करनी चाहिए।" राम मंदिर में कथित चोरी के मामले में उन्होंने कहा कि चोरी करने वालों और उन्हें संरक्षण देने वालों की जिम्मेदारी होनी चाहिए। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि, "सरकार को अदालत के सामने सही तथ्य रखने और कार्रवाई कराने का साहस दिखाना चाहिए।"
उन्होंने कहा, "जनता के मन में यह स्पष्ट है कि चोरी सरकार के कार्यकाल में हुई और इसमें शामिल लोगों को संरक्षण मिला।" वहीं, विपक्ष के खिलाफ भाजपा के 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान पर उन्होंने कहा, "भाजपा को यह आंदोलन मुख्यमंत्री आवास और अपने कार्यालय से शुरू करना चाहिए।" उन्होंने बल देते हुए कहा, "लोकतंत्र और कानून-व्यवस्था के लिए सबसे बड़ा खतरा भाजपा से है।"
मतदाता सूची में हो रही कथित गड़बड़ी को लेकर उन्होंने कहा, "यदि किसी व्यक्ति के 10 वोट बने हैं, तो यह जांच होनी चाहिए कि फॉर्म किसने जमा किए।" उन्होंने यह भी कहा कि संबंधित बीएलओ या अधिकारी ने क्या लापरवाही की? अगर आयोग कार्रवाई नहीं करता, तो उसके खिलाफ भी कदम उठाने चाहिए।
उदयवीर ने अंत में कहा कि सरकार अपनी जिम्मेदारी को नहीं समझ रही है और विपक्ष पर आरोप लगा रही है। जबकि संबंधित मशीनरी सरकार के नियंत्रण में है। उनका यह बयान स्पष्ट करता है कि कैसे विपक्ष और सत्ता में मौजूद दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।