असम सरकार से गारो समुदाय की सांस्कृतिक विरासत संरक्षण के लिए मदद की मांग
असम सरकार से गारो समुदाय की सांस्कृतिक विरासत संरक्षण के लिए मदद की मांग
NewsPoint•
गुवाहाटी, 12 नवंबर (आईएएनएस)। असम सरकार से गारो समुदाय की सांस्कृतिक विरासत को बनाए रखने के लिए मदद मांगी गई है। गारो कल्चरल फोरम ने गोलपारा जिले में विभिन्न पहलों के लिए वित्तीय और प्रशासनिक सहायता का अनुरोध किया। यह ज्ञापन मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा को वांगला महोत्सव के दौरान सौंपा गया, जिसमें उन्होंने मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया। फोरम ने महोत्सव के लिए हर साल सरकारी अनुदान, स्थायी सांस्कृतिक मंच, पारंपरिक गारो घरों के मॉडल बनाने और चोटीपारा में एक संग्रहालय-सह-अनुसंधान केंद्र स्थापित करने की मांग की।
फोरम के अध्यक्ष देसल बिमिक मारक और सचिव रक्सिल मारक ने इस ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। फोरम ने कहा कि गारो स्टूडेंट्स यूनियन (असम स्टेट जोन) और गारो साहित्य सभा के साथ मिलकर वे पारंपरिक वांगला महोत्सव का आयोजन कर रहे हैं। वांगला उत्सव गारो समुदाय के लिए फसल कटाई का सबसे महत्वपूर्ण 'आभार उत्सव' है। इस महोत्सव के जरिए न केवल पारंपरिक संगीत, लोक नृत्य और रीति-रिवाजों का प्रदर्शन होता है, बल्कि यह समुदाय में एकता और सामाजिक सद्भाव को भी बढ़ावा देता है।फोरम ने बताया कि नियमित सरकारी अनुदान मिलने से गोलपारा पश्चिम (एसटी) विधानसभा क्षेत्र के चोटीपारा में इस महोत्सव का आयोजन निरंतर और सुचारू रूप से संभव होगा। उन्होंने चोटीपारा सांस्कृतिक परिसर में एक स्थायी बहुउद्देशीय खुला मंच बनाने की भी सरकार से अपील की। वर्तमान में महोत्सव के लिए अस्थायी बांस के ढांचे बनाने में काफी संसाधनों का खर्च होता है।
इसकी पारंपरिक वास्तुकला को बचाने के लिए, फोरम ने 'नोकमोंग' और 'नोकपांते' जैसे गारो घरों के मॉडल बनाने का प्रस्ताव रखा है। इन घरों को बांस, लकड़ी, बेंत, और फूस जैसी स्थानीय सामग्रियों का उपयोग कर बनाया जाएगा। फोरम का मानना है कि प्रस्तावित 'गारो सांस्कृतिक संग्रहालय और अनुसंधान केंद्र' में गारो समुदाय की मौखिक परंपराओं, लोक साहित्य, खेती के औजारों और 'दामा', 'क्राम', और 'आदिल' जैसे पारंपरिक वाद्ययंत्रों का दस्तावेजीकरण किया जाएगा।
इस केन्द्र से 'दाकमंदा' जैसे पारंपरिक हथकरघा उत्पादों को भी संरक्षित किया जा सकेगा। फोरम ने आशा जताई है कि यह संस्थान सांस्कृतिक दस्तावेजीकरण, अकादमिक शोध और शैक्षिक गतिविधियों का केन्द्र बनेगा। यह विद्वानों, छात्रों, और पर्यटकों को आकर्षित करने का काम करेगा।
फोरम ने सरकार से सकारात्मक प्रतिक्रिया की उम्मीद की है और अनुरोध किया है कि असम में गारो समुदाय की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान और परंपरागत विरासत को संरक्षित करने एवं उसे बढ़ावा देने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। इस पहल के जरिए गारो समुदाय अपनी सांस्कृतिक धरोहर को सुरक्षित रखने की कोशिश कर रहा है, जिससे न केवल स्थानीय लोग बल्कि बाकी दुनिया भी इससे परिचित हो सके।