भारत और नेपाल के बीच नई ट्रेन सेवा शुरू, जनकपुर धाम और अयोध्या के बीच कनेक्टिविटी में सुधार

NewsPoint•
Navbharat Times
नई दिल्ली, 14 नवंबर (आईएएनएस)। सरकार ने एक नई साप्ताहिक ट्रेन सेवा शुरू करने की घोषणा की है। यह सेवा नेपाल के जनकपुर धाम और उत्तर प्रदेश के अयोध्या के बीच चलेगी। यह ऐतिहासिक स्थानों के बीच एक महत्वपूर्ण रेल संपर्क स्थापित करेगी। जनकपुर धाम माता सीता की जन्मस्थली है, जबकि अयोध्या प्रभु श्री राम की जन्मस्थली मानी जाती है। यह ट्रेन लगभग 604 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और यात्रा के दौरान कई महत्वपूर्ण कस्बों और शहरों से गुजरेगी।

यह नई ट्रेन सेवा जनकपुर धाम को अयोध्या कैंट से जोड़ेगी। जनकपुर धाम से यह ट्रेन शनिवार को रवाना होगी और अयोध्या कैंट से सोमवार को लौटेगी। ट्रेन के रास्ते में जयनगर, मधुबनी, शिशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम जैसे महत्वपूर्ण स्टेशन शामिल हैं। भारतीय रेलवे का मानना है कि यह पहल यात्रियों के लिए इन प्रमुख धार्मिक स्थानों तक पहुंच आसान बनाएगी।
आधिकारिक बयान के अनुसार, "इस नई सेवा से तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और अन्य यात्रियों के लिए सीमा पार की यात्रा और भी सुविधाजनक हो जाएगी। इससे जनकपुर और अयोध्या के बीच धार्मिक यात्राएं आसान होंगी, रामायण से जुड़े पर्यटन सर्किट को बढ़ावा मिलेगा।" इसके अलावा, यह सेवा शिक्षा, व्यापार या पारिवारिक कार्यों के लिए यात्रा करने वाले लोगों के लिए भी मददगार साबित होगी।

इस ट्रेन सेवा के तहत रेलवे कनेक्टिविटी के माध्यम से समुदायों को एक-दूसरे के करीब लाने की कोशिश की गई है। इससे दोनों देशों के बीच सहयोग के नए अवसर भी पैदा होंगे। बेहतर रेल कनेक्टिविटी से स्थानीय अर्थव्यवस्थाओं को फायदा होगा। यह टूर ऑपरेटरों, हॉस्पिटैलिटी से जुड़े व्यवसायों और स्थानीय व्यापारियों के लिए नए दरवाजे खोलेगी।

बिहार और नेपाल के सीमावर्ती इलाकों के लोगों के लिए यह ट्रेन नई यात्रा का विकल्प प्रस्तुत करेगी। इससे उनके बीच आर्थिक और सामाजिक संबंध मजबूत होंगे। यह नई पहल सिर्फ एक ट्रेन सेवा नहीं, बल्कि दोनों देशों की साझा संस्कृति और परंपरा को भी मजबूत करेगा।

भारतीय रेलवे इस पहल के जरिए यात्रियों की कनेक्टिविटी बढ़ाकर क्षेत्रीय पर्यटन को बढ़ावा दे रहा है। यह ट्रेन सेवा दोनों देशों के बीच दोस्ती को भी बढ़ाएगी जिसमें धार्मिक और सांस्कृतिक सेतु का काम भी होगा।

रेकमेंडेड खबरें