गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने मेडिकल विशेषज्ञों से रक्त संबंधी बीमारियों की पहचान पर जोर दिया
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने मेडिकल विशेषज्ञों से रक्त संबंधी बीमारियों की पहचान पर जोर दिया
NewsPoint•
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शनिवार को अहमदाबाद में 'इंडियन सोसाइटी ऑफ हेमेटोलॉजी एंड ब्लड ट्रांसफ्यूजन' (आईएसएचबीटी) के 67वें राष्ट्रीय सम्मेलन 'हेमेटोकॉन-2026' का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि थैलेसीमिया, सिकल सेल एनीमिया, हीमोफीलिया और ब्लड कैंसर जैसी रक्त संबंधी बीमारियों की पहचान और इलाज के लिए मेडिकल विशेषज्ञों, शोधकर्ताओं, स्वयंसेवी संस्थाओं और ब्लड बैंकों के बीच एक मजबूत तालमेल होना बेहद जरूरी है।
पटेल ने कहा कि इन बीमारियों से समाज को बचाने के लिए शुरुआती पहचान, जेनेटिक काउंसलिंग और शोध का सहयोग जरूरी है। उन्होंने इस सम्मेलन को केवल एक मेडिकल या शैक्षणिक कार्यक्रम से अधिक बताया। उन्होंने इसे ज्ञान, विज्ञान, शोध और करुणा को एक मंच पर लाने का माध्यम कहा। मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में शामिल हुए भारत और विदेश के डॉक्टरों, शोधकर्ताओं और हेमेटोलॉजी के विशेषज्ञों का स्वागत किया। उन्होंने सभी को दिवाली की शुभकामनाएं भी दीं। पटेल ने यह कहा कि हेमेटोलॉजी क्षेत्र में काम करने वाले डॉक्टरों और विशेषज्ञों की भूमिका समाज के लिए किसी फरिश्ते से कम नहीं है। उन्होंने रक्त संबंधी बीमारियों की शुरुआती पहचान में मदद का महत्व बताया।
रक्तदान के महत्व पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह जीवन का एक अमूल्य उपहार है और मानवीय सेवा का सर्वोच्च रूप है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस नेक काम में हिस्सा लें। उनका कहना था, "मनुष्य शरीर में बहने वाला रक्त केवल एक तरल पदार्थ नहीं है, बल्कि यह जीवन की लय, ऊर्जा और मानव अस्तित्व को बनाए रखता है।"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत 2047' विजन का जिक्र करते हुए भूपेंद्र पटेल ने कहा कि स्वस्थ नागरिक एक राष्ट्र की सबसे बड़ी संपत्ति होते हैं। उन्होेंने कहा कि "पहला सुख निरोगी काया" के सिद्धांत को साकार करने के लिए केवल बीमारियों का इलाज नहीं, बल्कि उनकी रोकथाम पर भी ध्यान देना आवश्यक है।
पटेल ने प्राकृतिक खेती, योग, प्राणायाम, मिशन लाइफ और फिट इंडिया मूवमेंट जैसी पहलों का भी उल्लेख किया। इनका उद्देश्य स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि इन पहलों से स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।
राज्य सरकार की स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति प्रतिबद्धता की बात करते हुए पटेल ने आयुष्मान भारत योजना के तहत दी जा रही सेवाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि राज्य ने मौजूदा 5 लाख रुपए के कवरेज में 5 लाख रुपए जोड़ दिए हैं, जिससे कुल स्वास्थ्य सुरक्षा कवर 10 लाख रुपए हो गया है।
अंत में, उन्होंने स्पष्ट किया कि गुजरात सरकार स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए हमेशा प्रयत्नशील रहेगी। इस सम्मेलन के माध्यम से उन्होंने समाज में जागरूकता फैलाने और रक्त संबंधी बीमारियों के प्रति लोगों को संवेदनशील बनाने की बात की।