दिल्ली पुलिस ने इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में सुरक्षा के लिए 3000 पुलिसकर्मियों और 1500 सीसीटीवी कैमरों की तैनाती की
दिल्ली पुलिस ने इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में सुरक्षा के लिए 3000 पुलिसकर्मियों और 1500 सीसीटीवी कैमरों की तैनाती की
NewsPoint•
नई दिल्ली में आयोजित इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (आईआईटीएफ) की सुरक्षा के लिए दिल्ली पुलिस ने मजबूत इंतजाम किए हैं। यह व्यापार मेला 14 से 27 नवंबर तक चलेगा। सुरक्षा के मद्देनजर लगभग 3,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। मेले की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 1,500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। पुलिस ने लोगों की सुरक्षा और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए इस बार सुरक्षा व्यवस्था को सुधारा है।
आईआईटीएफ के डीसीपी मनजीत श्योराण ने बताया कि यह मेला हर साल आयोजित होता है और देश भर से बड़ी संख्या में लोग इसमें भाग लेते हैं। पिछले वर्षों के अनुभवों के आधार पर इस बार सुरक्षा के लिए विशेष योजनाएं बनाई गई हैं। पुलिस ने पहले से आकलन किया है कि किस स्थान पर अधिक भीड़ हो सकती है, कौन से गेट पर ज्यादा लोग आएंगे और ट्रैफिक और पार्किंग में किन समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।पुलिस ने मेले के परिसर को अलग-अलग सेक्टरों में बांटा है। हर सेक्टर में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही, आईटीपीओ की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात सीआईएसएफ और निजी सुरक्षा गार्डों के साथ भी समन्वय किया गया है। इस समन्वय का उद्देश्य यह है कि सभी सुरक्षा एजेंसियां मिलकर बेहतर तरीके से काम कर सकें।
डीसीपी के अनुसार, पुलिस का मुख्य उद्देश्य किसी भी शरारती तत्व या अवांछित गतिविधियों से निपटना है। इसके साथ ही आगंतुकों को सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल देना है। उन्होंने कहा, "जिन स्थानों पर भीड़ एकत्र होने की आशंका है, वहां अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है।" सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए फेस रिकग्निशन सिस्टम और आधुनिक तकनीक का भी उपयोग किया जा रहा है।
मेले के सभी हॉल, प्रवेश और निकास द्वारों पर भी सुरक्षा कैमरे लगाए गए हैं। इससे पुलिस कम संसाधनों में भी बड़े क्षेत्रों पर नजर रख सकेगी। मनजीत श्योराण ने बताया कि फिलहाल बिजनेस डेज के दौरान भीड़ अपेक्षाकृत कम है, लेकिन जब आम जनता का प्रवेश शुरू होगा तो पुलिस पूरी तरह से तैयार है। अधिकारियों ने लगातार स्थिति की निगरानी की जा रही है। जरूरत पड़ने पर तुरंत अतिरिक्त इंतजाम किए जाएंगे।
डीसीपी ने मेले में आने वाले लोगों से अपील की कि वे आईटीपीओ का आधिकारिक ऐप डाउनलोड करें। उन्होंने कहा, "ऐप पर प्रवेश और निकास द्वारों की जानकारी उपलब्ध है।" इसे पहले से देखने पर लोगों को आने-जाने में आसानी होगी और वे अनावश्यक भटकने से बच सकेंगे।
इसके अलावा, वरिष्ठ नागरिकों और चलने में कठिनाई महसूस करने वालों के लिए ई-रिक्शा और टेंपो ट्रैवलर की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। यह वाहन मेट्रो स्टेशन, गेट और परिसर के अलग-अलग हॉल तक जाने में मदद करेंगे।
इन सभी इंतजामों के जरिए दिल्ली पुलिस आईआईटीएफ में सुरक्षा की उच्चतम स्तर की व्यवस्था सुनिश्चित कर रही है ताकि हर आगंतुक को एक सुरक्षित और सुखद अनुभव मिल सके।