कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का दावा: 2025 26 में बागवानी फसलों का उत्पादन 3,869.15 लाख टन होने की उम्मीद
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का दावा: 2025-26 में बागवानी फसलों का उत्पादन 3,869.15 लाख टन होने की उम्मीद
NewsPoint•
नई दिल्ली, 17 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि बागवानी फसलों का उत्पादन इस साल रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। मोदी सरकार की नीतियों और किसानों की मेहनत से यह सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि खेती के रकबे में कमी के बावजूद फलों, फूलों, मसालों और अन्य बागवानी फसलों का उत्पादन बढ़ा है। उन्होंने बताया कि 2025-26 तक बागवानी फसलों का कुल उत्पादन 3,869.15 लाख टन होने की उम्मीद है।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा, "मुझे बताते हुए बेहद प्रसन्नता है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हमारे देश में कृषि के विविधीकरण का काम बहुत तेजी से किया जा रहा है। किसान विविधीकरण की तरफ बढ़ रहे हैं।" उन्होंने बताया कि पिछले साल बागवानी फसलों का उत्पादन 3,707.38 लाख टन था। इस साल इसमें 161.77 लाख टन की वृद्धि होने की उम्मीद है, जो कि 4.36 प्रतिशत है।राज्य मंत्री ने आगे कहा कि इस बार कुल 297 लाख हेक्टेयर भूमि पर कृषि की गई। जबकि पिछले साल यह आंकड़ा 301 लाख हेक्टेयर था। इसका असर यह हुआ कि उन्नत कृषि पद्धतियों, तकनीक और किसानों की मेहनत से फसलों का रिकॉर्ड उत्पादन हुआ।
उन्होंने बागवानी में खासकर फलों के उत्पादन में वृद्धि का जिक्र किया। उन्होंने कहा, "फलों के उत्पादन में भी बंपर वृद्धि हुई है। केला, आम, पपीता, सेब, अनार और कटहल की शानदार पैदावार होने की वजह से इस बार फलों का उत्पादन 54.18 लाख टन हुआ है।" इस बार फलों का उत्पादन 4.60 प्रतिशत बढ़ा है। आलू और टमाटर की पैदावार भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने की उम्मीद है। सब्जियों का कुल उत्पादन 4.35 प्रतिशत बढ़कर 2272.68 लाख टन पहुंचने की संभावना है।
शिवराज ने आलू का उत्पादन 12 प्रतिशत बढ़कर 655.70 लाख टन और टमाटर का उत्पादन 214 लाख टन होने का अनुमान लगाया है। उन्होंने प्याज के उत्पादन का भी जिक्र करते हुए कहा, "हमारा कुल उत्पादन 288.96 लाख टन रहने की उम्मीद है।"
फूलों और मसालों की फसलों में भी बढ़ोतरी देखने को मिली है। उन्होंने कहा, "फूलों के उत्पादन में लगभग 14.45 प्रतिशत की बड़ी बढ़ोतरी हुई है।" सुपारी, नारियल, काजू और पान के पत्तों का उत्पादन भी 7.56 प्रतिशत बढ़कर 182.64 लाख टन हो गया है।
इसके अलावा, औषधीय और सुगंधित पौधों का उत्पादन भी बढ़ा है। उदाहरण के लिए, हल्दी, लहसुन, कड़ी पत्ते और इलायची की फसल बेहतर हुई है। मसालों का कुल उत्पादन 123.54 लाख टन तक पहुंचने की उम्मीद है।
कुल मिलाकर, बागवानी फसलों में फल, सब्जियां, फूल और मसाले शामिल हैं। सभी क्षेत्रों में अच्छी बढ़ोतरी हुई है। शिवराज ने किसान भाइयों को इस सफलता के लिए बधाई दी।
उन्होंने कहा, "किसान अपनी मेहनत से मोदी सरकार की योजनाओं का लाभ उठाते हुए लगातार रिकॉर्ड पैदावार करने में सफल हो रहे हैं।"
इस प्रकार शिवराज सिंह चौहान ने कृषि के क्षेत्र में मोदी सरकार की नीतियों की सराहना की और आने वाले वर्षों में बागवानी फसल उत्पादन में और वृद्धि की उम्मीद जताई।