पीएम मोदी ने वर्ल्ड फेडरेशन ऑफ एक्सचेंजेज की 65वीं जनरल असेंबली पर भारत के तेजी से बढ़ते पूंजी बाजार की चर्चा की

NewsPoint•
65
नई दिल्ली, 18 नवंबर। भारत में 20 साल के बाद वर्ल्ड फेडरेशन ऑफ एक्सचेंजेस (डब्ल्यूएफई) की 65वीं जनरल असेंबली और एनुअल मीटिंग का आयोजन हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी ने इस मौके पर कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है और हमारा पूंजी बाजार भी तेजी से विकसित हो रहा है। उन्होंने एनएसई और डब्ल्यूएफई को बधाई दी और समारोह में आए सभी प्रतिनिधियों का स्वागत किया। मोदी ने अपने संदेश में बताया, "मौजूदा समय में भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। हमारा पूंजीगत बाजार अर्थव्यवस्था के साथ तेजी से बढ़ रहा है।"

इस अवसर पर उन्होंने यह भी कहा कि कंपनियों को पूंजी जुटाने और विकास के नए अवसरों का उपयोग करने का महत्वपूर्ण मौका मिला है। म्यूचुअल फंड जैसे वित्तीय साधनों की मदद से निवेश के स्तर अभूतपूर्व हो चुके हैं। अब ज्यादा लोग बाजारों का हिस्सा बन रहे हैं। इससे नागरिकों को अपने देश के विकास में भागीदारी का अवसर भी मिला है।
मोदी ने पिछले एक दशक में भारत में वित्तीय प्रणाली के विकास की दिशा में हुए प्रयासों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा, "भारत ने अपनी वित्तीय प्रणाली को अधिक समावेशी और कुशल बनाने की दिशा में काम किया है।" बैंकिंग, बीमा और डिजिटल वित्तीय सेवाओं का विस्तार लाखों लोगों को औपचारिक वित्तीय प्रणाली से जोड़ने में मदद कर रहा है।

भारत के डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, जैसे कि जेएएम ट्रिनिटी और यूपीआई, ने यह दिखाया है कि तकनीक कैसे बड़े स्तर पर वित्तीय सेवाओं की उपलब्धता को बदल सकती है। इसके कारण, बाजार के बुनियादी ढांचे में तकनीकी सुधार और निवेश प्लेटफार्मों तक आसान पहुँच लोगों की भागीदारी को बढ़ाने में सहायक साबित हो रहे हैं।

मोदी ने आगे कहा कि "भारत का अनुभव दिखाता है कि किस तरह वित्तीय समावेशन और वित्तीय नवाचार एक-दूसरे को मजबूत कर सकते हैं।" उन्होंने यह भी बताया कि आज वित्तीय क्षेत्र में कई बड़े बदलाव हो रहे हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नई तकनीकों के प्रयोग से बाजारों के काम करने का तरीका बदल रहा है। इससे नए अवसर भी बनते हैं, साथ ही साइबर सुरक्षा और निवेशकों की सुरक्षा से जुड़े सवाल भी उठतें हैं। उन्होंने कहा, "तकनीक भले ही यह तय करे कि बाजार कितनी तेजी से विकसित होंगे, लेकिन इस पूरे तंत्र के विकास में 'भरोसा' हमेशा सबसे अहम बना रहेगा।"

65वीं डब्ल्यूएफई जनरल असेंबली और एनुअल मीटिंग 17 से 19 नवंबर, 2026 तक मुंबई में आयोजित की जा रही है। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम की मेज़बानी नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया कर रहा है।

रेकमेंडेड खबरें