सोने की कीमतों में गिरावट पर रामकृपाल यादव बोले, "पीएम मोदी की सलाह सही साबित हुई"
सोने की कीमतों में गिरावट पर रामकृपाल यादव बोले, "पीएम मोदी की सलाह सही साबित हुई"
NewsPoint•
पटना, 22 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शिता की तारीफ करते हुए सोने की कीमतों में आई गिरावट को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कुछ महीने पहले ही देशवासियों से सोना नहीं खरीदने की अपील की थी। यह सलाह भविष्य के हालात को समझते हुए दी थी। इसके साथ ही उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के संगठन विस्तार और अग्निपथ योजना को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उनकी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं पर सवाल उठाए। सोने की कीमतों में गिरावट को लेकर बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि कुछ महीने पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से सोना नहीं खरीदने की अपील की थी। प्रधानमंत्री की यह सलाह सही साबित हुई है। उन्होंने कहा कि यदि लोगों ने उस समय बड़ी या छोटी मात्रा में सोना खरीदकर अपने पास जमा किया होता, तो उन्हें कीमतों में गिरावट के कारण नुकसान उठाना पड़ता। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दूरदर्शी हैं और उन्हें आने वाले हालात की समझ थी। उन्होंने खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध और वैश्विक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि हालात सामान्य होने के बाद सोने की कीमतों में गिरावट देखने को मिली है। वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में विस्तार और ओबीसी मोर्चे में नई नियुक्तियों को लेकर भी मंत्री ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि पार्टी ने राष्ट्रीय स्तर पर संगठन का विस्तार किया है और ओबीसी मोर्चे को भी मजबूत करने की दिशा में कदम उठाए हैं। बिहार के कई संघर्षशील और जमीनी नेताओं को संगठन में जिम्मेदारी देकर सम्मानित किया गया है। रामकृपाल यादव ने अर्जुन सहनी, विशाल यादव और अजय गुप्ता का नाम लेते हुए राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। साथ ही विश्वास जताया कि उनके कुशल नेतृत्व में ओबीसी मोर्चा और भाजपा का संगठन और मजबूत होगा। अग्निपथ योजना को लेकर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने कहा कि अब लोगों ने इस योजना को स्वीकार कर लिया है और समझ लिया है कि सरकार का फैसला सही था। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव इस मुद्दे पर केवल राजनीति कर रहे हैं। अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए रामकृपाल यादव ने कहा कि क्या वह कभी प्रधानमंत्री बन पाएंगे? उनके मुताबिक, अखिलेश यादव मुख्यमंत्री भी नहीं बन पाएंगे और मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं। --आईएएनएस एसएके/एएस