बहुभाषी एआई चिकित्सा संबंधी जानकारी तक पहुंच को बना सकता है बेहतर : डीआईबीडी सीईओ

NewsPoint•
Navbharat Times
नई दिल्ली, 22 नवंबर (आईएएनएस)। डिजिटल इंडिया भाषिनी डिवीजन (डीआईबीडी) के सीईओ अमिताभ नाग ने बहुभाषी आर्टफिशियल इंटिलीजेंस (एआई) को चिकित्सा में मददगार बताया है। अमिताभ नाग के बहुभाषी एआई डॉक्टरों और मरीजों के बीच बातचीत में मदद कर सकता है, क्लिनिकल दस्तावेजीकरण को आसान बना सकता है और चिकित्सा संबंधी जानकारी तक पहुंच को बेहतर कर सकता है। ग्लोबल डिजिटल हेल्थ समिट (जीडीएचएस) 2026 को संबोधित करते हुए भाषा को डिजिटल स्वास्थ्य सेवा का एक महत्वपूर्ण लेकिन अक्सर अनदेखा किया जाने वाला पहलू बताते हुए अमिताभ नाग ने स्वास्थ्य सेवा में सहानुभूति के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने यह स्वीकार किया कि उपचार केवल निदान और दवा तक ही सीमित नहीं है बल्कि इसमें डॉक्टरों, देखभालकर्ताओं और रोगियों के बीच मानवीय संबंध भी शामिल हैं। दो दिवसीय शिखर सम्मेलन के दौरान भाषिनी ने अपने बहुभाषी एआई इकोसिस्टम का प्रदर्शन किया और दिखाया कि कैसे भाषा प्रौद्योगिकियां स्वास्थ्य सेवा वितरण को मजबूत कर सकती हैं, नैदानिक कार्यप्रवाह को सुगम बना सकती हैं और अधिक सुलभ, समावेशी और रोगी-केंद्रित स्वास्थ्य सेवा अनुभव प्रदान कर सकती हैं। अमिताभ नाग के संबोधन में डिजिटल स्वास्थ्य सेवा अवसंरचना में भाषा बुद्धिमत्ता को एकीकृत करने की आवश्यकता पर बल दिया गया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि रोगी अपनी पसंदीदा भाषाओं में स्वास्थ्य सेवाओं को समझ सकें, संवाद कर सकें और उनका लाभ उठा सकें। अमिताभ नाग ने कहा कि जब मरीजों को उनकी अपनी भाषा, चाहे वह बोडो, मराठी, पंजाबी या मैथिली में देखभाल संबंधी जानकारी दी जाती है, तो उन्हें यह अधिक अपनापन भरा, भरोसा दिलाने वाला और समझने में आसान लग सकता है। मरीजों की अपनी भाषा में देखभाल, भरोसा और समझ को व्यक्त करने से उनके मन में सुकून और विश्वास पैदा होता है, जिससे स्वास्थ्य सेवा पेशेवरों के साथ उनका संबंध और मजबूत होता है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, 'भाषिनी' की भाषा तकनीकों के जरिए ऐसी बातचीत को अधिक समावेशी और संवेदनशील बनाया जा सकता है। इससे यह सुनिश्चित करने में मदद मिलती है कि मरीजों की बात सुनी और समझी जा रही है। इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य के लिए 'भाषादान' पर भी जोर दिया गया। यह स्वास्थ्य सेवा के लिए भाषाई संसाधन विकसित करने और चिकित्सा तथा सार्वजनिक स्वास्थ्य कार्यों के लिए बहुभाषी एआई क्षमताओं को मजबूत करने में समुदाय के योगदान के महत्व को दर्शाता है। 'स्वास्थ्य के लिए डेटा दान' को एक ऐसी पहल के रूप में रेखांकित किया गया, जिसका उद्देश्य बहुभाषी स्वास्थ्य सेवा डेटासेट तैयार करना है। इसमें लोग अपने लक्षणों और स्वास्थ्य स्थितियों को बताने के लिए जिन आम बोलचाल के शब्दों या वाक्यांशों का उपयोग करते हैं, उन्हें उनकी संबंधित चिकित्सा शब्दावली के साथ जोड़ा जाता है। इसमें इस बात पर ध्यान दिया गया है कि लोग अपनी रोजमर्रा की भाषा में स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं को किस तरह स्वाभाविक रूप से व्यक्त करते हैं। इसमें क्षेत्रीय मुहावरे और आम बोलचाल के वे शब्द भी शामिल हैं, जो शायद सीधे तौर पर औपचारिक चिकित्सा शब्दावली से मेल न खाते हों। 'भाषिनी' ने बताया कि कैसे बहुभाषी एआई केवल भाषा अनुवाद तक सीमित न रहकर, स्वास्थ्य सेवा प्रणालियों में एक सहायक माध्यम के रूप में काम कर सकता है। --आईएएनएस ओपी/पीएम

रेकमेंडेड खबरें