डेटा एंट्री ऑपरेटर के 20 पदों के लिए आईसीएसआईएल में करें आवेदन, जानें प्रक्रिया और नियम
डेटा एंट्री ऑपरेटर के 20 पदों के लिए आईसीएसआईएल में करें आवेदन, जानें प्रक्रिया और नियम
NewsPoint•
नई दिल्ली, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। इंटेलिजेंट कम्युनिकेशन सिस्टम्स इंडिया लिमिटेड (आईसीएसआईएल) ने नौकरी के इच्छुक लोगों के लिए एक बेहतरीन मौका पेश किया है। आईसीएसआईएल ने दिल्ली कंज्यूमर कोऑपरेटिव होलसेल स्टोर लिमिटेड (डीसीसीडब्ल्यूएस) में डेटा एंट्री ऑपरेटर के लिए कुल 20 पदों पर आवेदन मांगने की घोषणा की है। यह नियुक्ति पूरी तरह से कॉन्ट्रैक्ट या आउटसोर्स के आधार पर होगी। आवेदन प्रक्रिया 15 अक्टूबर को शाम 5 बजे से शुरू होगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 18 अक्टूबर है।
अगर आप इन पदों पर आवेदन करना चाहते हैं, तो आपको आईसीएसआईएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। वहां आप आवेदन लिंक से रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। आवेदन का समय अंतिम तिथि के दिन यानी 18 अक्टूबर को शाम 5 बजे तक खुला रहेगा। इन पदों के लिए केवल उन्हीं उम्मीदवारों को आवेदन करने की अनुमति है, जिनके पास मान्यता प्राप्त संस्थान से कम से कम 12वीं कक्षा पास की हो। उन्हें एक्सेल और टैली का कंप्यूटर ज्ञान होना चाहिए और अकाउंट्स की जानकारी भी होनी चाहिए। इसके साथ ही, आवेदकों की आयु 40 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए।
योग्य कैंडिडेट्स का चयन आवेदनों की स्क्रीनिंग, शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू/बातचीत और दस्तावेज सत्यापन के माध्यम से होगा। सफल कैंडिडेट्स को प्रति माह 22,411 रुपए वेतन मिलेगा।
आवेदन करते समय आपको एक बार की रजिस्ट्रेशन फीस चुकानी होगी, जो 590 रुपए है और यह राशि वापस नहीं की जाएगी। ध्यान रखें, केवल शुल्क का सफल भुगतान होने पर ही आपका आवेदन स्वीकार किया जाएगा।
यह नियुक्ति पूरी तरह से एक निश्चित अवधि के लिए अनुबंध या अस्थायी आधार पर होगी। यह नियमित नियुक्ति का कोई आश्वासन नहीं देती है।
इसलिए, अगर आप इस नौकरी में रुचि रखते हैं, तो जल्द से जल्द आवेदन करें, क्योंकि आपके पास समय सीमित है। --आईएएनएस डीके/एबीएम