मध्य प्रदेश ट्रैवल मार्ट-2026 में 4,000 करोड़ के निवेश प्रस्ताव, पर्यटन क्षेत्र में नई संभावनाएं

NewsPoint•
2026 4000
भोपाल, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 'मध्य प्रदेश ट्रैवल मार्ट-2026' (एमपीटीएम) का 7वां संस्करण हुआ है। इस आयोजन में लगभग चार हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव आए हैं, जो राज्य के पर्यटन विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित हुआ है। तीन दिन तक चले इस मेले में 34 देशों के 100 से अधिक टूर ऑपरेटर्स, होटल व्यवसायी, निवेशक और नीति निर्माता शामिल हुए। इससे प्रदेश की पर्यटन संभावनाएं वैश्विक स्तर पर पहचान पा रही हैं।

इस ट्रैवल मार्ट में वन्य जीव, हेरिटेज, आध्यात्मिक, साहसिक और ग्रामीण पर्यटन के कई पहलुओं को दिखाया गया। खास बात यह है कि इस बार निजी क्षेत्र से 3,729 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इससे यह साफ दिखता है कि निवेशकों का मध्य प्रदेश के पर्यटन क्षेत्र में विश्वास बढ़ रहा है। ये प्रस्ताव लक्जरी होटलों, वेलनेस रिसॉर्ट्स, गोल्फ कोर्स, वॉटरफ्रंट रिट्रीट्स और वन्यजीव लॉज के विकास से जुड़े हैं।
इन प्रस्तावों से प्रदेश के प्रमुख पर्यटन केंद्रों में विश्वस्तरीय आवास सुविधाओं में इजाफा होगा। यही नहीं, इससे राज्य के दूर-दराज के इलाकों में भी आधुनिक सुविधाएं बढ़ेंगी और स्थानीय स्तर पर हजारों नई नौकरियां पैदा होंगी। इस आयोजन के दौरान व्यावसायिक संवाद भी हुआ। 10,263 सफल बिजनेस-टू-बिजनेस (बी2बी) बैठकें हुईं, जो पिछले साल की 9,000 बैठकों से 14 प्रतिशत अधिक हैं।

इन बैठकों में स्थानीय टूर प्रमोटर्स, होटल मालिकों और होमस्टे संचालकों का राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खरीदारों से सीधा संपर्क हुआ। यह सभी मिलकर आगामी वर्षों के लिए स्थायी व्यावसायिक अनुबंधों का मजबूत आधार तैयार करने में मददगार साबित होंगे।

एमपीटीएम-2026 ने मध्य प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं को न केवल देश में बल्कि विदेशों तक भी पहुंचाने का काम किया है। इस तरह के आयोजनों से प्रदेश की छवि को नई पहचान मिलेगी। --आईएएनएस एसएनपी/एएसएच

रेकमेंडेड खबरें