वसई-विरार में जर्जर इमारतें लोगों के लिए जी का जंजाल बनती जा रही हैं। शुक्रवार को विरार (पूर्व) गावडवाडी क्षेत्र में चार मंजिला जर्जर इमारत की गैलरी का हिस्सा गिर गया। हालांकि, हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। मौके पर पहुंचे मनपा अधिकारियों ने इमारत को खाली करवा लिया। इमारत में 32 परिवार रहते थे, जो अब बेघर हो गए हैं। बताया जा रहा है कि इमारत 30 साल पुरानी थी।
बता दें कि गावडवाडी में पंचरत्न इमारत है। इसमें 32 फ्लैट हैं। शुक्रवार शाम इमारत की गैलरी की हिस्सा गिर गया। उस वक्त वहां कोई मौजूद नहीं था। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे मनपा के अधिकारियों ने रहिवासियों से इमारत खाली करने के लिए कहा, लेकिन कोई इसके लिए तैयार नहीं था। मनपा ने पुलिस और सुरक्षा बल बुलाया और इमारत खाली कराई। देर रात लोग सामान लेकर यहां-वहां भटक रहे थे। इमारत के आस-पास घनी बस्ती है, जिससे उसे तोड़ने में दिक्कतें आ रही हैं। सूत्रों के अनुसार, 30 साल पहले इमारत को अवैध तरीके से बनाया गया था। मनपा ने मॉनसून से पहले बिल्डर को रिपेयरिंग का नोटिस दिया था, लेकिन उसने काम नहीं कराया। शिवसेना (यूबीटी) नेता सुरेन्द्र सिंह राज ने कहा कि जर्जर इमारतों पर मनपा को गंभीरता दिखाानी चाहिए, वरना आने वाले दिनों में खतरनाक परिणाम हो सकते हैं।



