Minor Student Sexually Assaulted For Two Years Accused Tarun Arrested
दो साल से छात्रा को धमकाकर कर रहा था सेक्सुअल असॉल्ट, आरोपी अरेस्ट
नवभारत टाइम्स•
इंदिरापुरम में एक नाबालिग छात्रा को दो साल तक धमकाकर यौन उत्पीड़न किया गया। आरोपी तरुण ने स्कूल के बाहर से उसे होटल ले जाकर यह घटना की। छात्रा ने अपनी मां को बताया जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। यह मामला भोपुरा क्षेत्र का है।
NBT न्यूज: इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक नाबालिग छात्रा के साथ स्कूल के बाहर मारपीट की गई। फिर उसे जबरन एक होटल में ले जाकर यौन उत्पीड़न किया गया। आरोप है कि आरोपी ने दो साल तक छात्रा को धमकाकर उसके साथ यह घिनौना काम किया। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है।
यह घटना दो साल पहले की है। उस समय छात्रा की उम्र करीब 17 साल थी। वह भोपुरा इलाके में रहती थी और दिल्ली के एक स्कूल में पढ़ने जाती थी। आरोप है कि स्कूल के बाहर तथम उर्फ तरुण नाम के शख्स ने उसे पीटा। इसके बाद वह उसे जबरदस्ती क्राउन पैलेस होटल ले गया। वहां उसने छात्रा को डराया-धमकाया और उसके साथ यौन उत्पीड़न किया। जब छात्रा ने विरोध किया, तो तरुण ने उसे फिर से मारा-पीटा। उसने छात्रा को धमकी दी कि अगर उसने पुलिस या अपने परिवार को बताया, तो वह उसे जान से मार देगा।इस घटना के बाद भी आरोपी तरुण नहीं रुका। आरोप है कि वह लगातार छात्रा को धमकाता रहा। वह अक्सर उसके साथ यौन उत्पीड़न करता था। इस डर के कारण छात्रा के परिवार ने अपना घर भी बदल लिया था। छात्रा भी डर के मारे घर से बाहर निकलना बंद कर चुकी थी। लेकिन तरुण फिर भी उसे जबरदस्ती धमकी देकर घर के बाहर बुलाता रहता था।
आरोपी की हरकतों से परेशान होकर एक दिन छात्रा ने हिम्मत जुटाई। उसने अपने साथ हो रही सारी बातें अपनी मां को बताईं। इसके बाद मां-बेटी तुरंत थाने पहुंचीं। उन्होंने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने इस मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने तुरंत केस दर्ज कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस इस मामले की आगे की जांच कर रही है।