n NBT रिपोर्ट, नोएडा
डेटिंग ऐप के जरिए दोस्ती कर जेवर और नकदी लेकर फरार हो जाने वाली एक युवती को उसके सहयोगी समेत सेक्टर 126 थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने की चेन, अंगूठी और 13 हजार रुपये कैश बरामद किए हैं। 21 मार्च की घटना है। सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा बिल्डिंग के एक होटल रूम में मिलने के लिए युवती आई थी। पुलिस ने सात अप्रैल को केस दर्ज कर युवती को पकड़ा है।
एसीपी प्रवीण सिंह ने बताया कि गाजियाबाद के नंदग्राम निवासी एक शख्स ने सेक्टर 126 थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि उसकी पहचान डेटिंग ऐप के जरिए तनु वर्मा नाम की युवती से हुई थी। युवती ने उसे मिलने के लिए सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा स्पायरा बिल्डिंग में बुलाया। यहां मुलाकात के दौरान महिला ने युवक को अधिक मात्रा में शराब पिला दी, जिससे वह नशे में हो गया। इसी दौरान युवती ने चेन, अंगूठी, ब्रेसलेट और करीब 27 हजार रुपये उड़ा लिए।

