nNBT रिपोर्ट, नई दिल्ली।
दिल्ली में शुरू की गई इलेक्ट्रिक डबल-डेकर बस सेवा को लोगों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। बीते 28 फरवरी को शुरू हुए इस बस सेवा के पहले एक महीने में 800 लोगों ने इसका लुत्फ उठाया है। अधिकारियों ने बताया कि खास तौर पर वीकेंड पर यात्रियों की अच्छी बुकिंग देखने को मिली है। यानी छुट्टी वाले दिन पर्यटक सैर सपाटे के लिए इस बस सेवा का लाभ उठा रहे हैं।
यह डबल-डेकर बस सेवा हफ्ते में 6 दिन (सोमवार को छोड़कर) चलती है और दिल्ली के प्रमुख पर्यटन स्थलों को जोड़ती है। इसमें भारत मंडपम्, नेशनल वॉर मेमोरियल, नए संसद भवन, कर्तव्य पथ, इंडिया गेट और दिल्ली हाट आईएनए जैसे प्रमुख स्थानों पर जाती है। बस में कुल 63 से अधिक यात्रियों के बैठने की सुविधा है। बस में एक ट्रेंड गाइड भी मौजूद रहता है, जो यात्रियों को टूरिस्ट स्पॉट से जुड़ी जानकारी देता है। बस का रूट लुटियंस दिल्ली की सड़कों पर तय किया गया है, क्योंकि जहां सड़क पर पेड़ या बिजली के तार नहीं हैं।
अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पर्यटन विभाग लोगों की रुचि को देखते हुए इस बस सेवा के विस्तार पर विचार कर रहा है। जल्द ही शाम के समय भी इस सेवा को शुरू करने की योजना बनाई जा रही है। शाम की यह सेवा प्रधानमंत्री संग्रहालय से शुरू होगी। हालांकि, अभी तक इसका रूट तय नहीं किया गया है। इस बस का किराया बड़ों के लिए 500 रुपये, जबकि 6 से 12 साल के बच्चे के लिए 300 रुपये का रखा गया है।

