n NBT रिपोर्ट, ग्रेटर नोएडा
मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट हब (MMTH) परियोजना के तहत बोड़ाकी रेलवे स्टेशन के विस्तार की प्रक्रिया तेज हो गई है। एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई बैठक में विस्तार से प्रभावित होने वाले करीब 1600 परिवारों के पुनर्वास पर रणनीति बनाई गई। इन परिवारों को बसाने के लिए 250 एकड़ जमीन की जरूरत होगी, जिसके लिए शिव नाडर विश्वविद्यालय के पास स्थान तय किया जा सकता है। प्राधिकरण का संकल्प है कि विस्थापितों को जहां बसाया जाएगा, वहां सेक्टरों जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। रेल मंत्रालय के प्रस्ताव पर प्राधिकरण ने विकास कार्यों के लिए आवश्यक 138 एकड़ जमीन की खरीद की तैयारी भी शुरू कर दी है। बैठक में रेलवे एक्ट और विस्थापन नीति पर विस्तृत चर्चा हुई ताकि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए आईएसबीटी और मेट्रो विस्तार जैसे महत्वपूर्ण प्रॉजेक्ट्स को गति दी जा सके। यह कार्य जल्द धरातल पर शुरू होने की उम्मीद है।

