NBT रिपोर्ट : इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) भरना अब सिरदर्द नहीं रहेगा। इनकम टैक्स विभाग ने टैक्सपेयर्स की मदद के लिए ' कर साथी ' ( Kar Saathi ) नाम का एक AI चैटबॉट लॉन्च किया है। यह 24 घंटे टैक्स से जुड़े मुश्किल नियमों, फॉर्म और फाइलिंग की प्रक्रिया को आसान भाषा में समझाएगा।
क्या है 'कर साथी'? : ET के मुताबिक, 'कर साथी' इनकम टैक्स के नए पोर्टल का एक हिस्सा है। इसे टैक्स से जुड़े सवालों के तुरंत जवाब देने और ITR भरने के अनुभव को आसान बनाने के लिए बनाया गया है। यह पहल टैक्स सिस्टम की उस समस्या को दूर करती है, जिसमें टैक्सपेयर्स को अधूरी या अस्पष्ट जानकारी से परेशान होना पड़ता था।
क्यों है जरूरी? : टीमलीज रेगटेक के CEO और को-फाउंडर ऋषि अग्रवाल कहते हैं कि ‘कर साथी’ यूजर्स को उनकी जिम्मेदारियों को साफ तौर पर समझने में मदद कर सकता है। जैसे, उन्हें क्या करना है, कब करना है और कैसे करना है। यह विभाग और टैक्सपेयर्स के बीच जानकारी के बहाव को आसान बनाता है। यह पुराने रिटर्न्स, जरूरी अपडेट्स और सही सलाह तक आसान पहुंच देता है, जिससे टैक्स नियमों का पालन करना बोझिल नहीं लगता।
क्या है फायदा? : Tax2win के CEO और को-फाउंडर CA अभिषेक सोनी कहते हैं कि अलग-अलग पेजों या दस्तावेजों में जानकारी खोजने के बजाय, टैक्सपेयर्स बस अपना सवाल पूछ सकते हैं और साफ जवाब पा सकते हैं। उन्होंने बताया कि यह इसलिए भी जरूरी है क्योंकि नए इनकम टैक्स कानून के साथ कई बदलाव हो रहे हैं और सरकार चाहती है कि लोग इस बदलाव को आसानी से अपना सकें।

