n NBT न्यूज, नोएडा : सेक्टर-98 स्थित स्काई मार्क ट्रैफिक सिग्नल पर संकरी सड़कों और इंजीनियरिंग की खामियों के कारण रोजाना भीषण जाम लग रहा है। यह मार्ग नोएडा के बड़े हिस्से को एक्सप्रेसवे और सेक्टर-125, 126, 132, 133 जैसे क्षेत्रों से जोड़ता है। स्थानीय निवासियों के अनुसार सेक्टर-98 पुलिस चौकी के पास स्थित अंडरपास की कम चौड़ाई के कारण पीक ऑवर में ट्रैफिक का दबाव संभालना नामुमकिन हो जाता है। लोगों की मांग है कि प्राधिकरण और ट्रैफिक विभाग संयुक्त सर्वे कर अंडरपास का विस्तार या पुनर्गठन करें। निवासियों का आरोप है कि भौतिक ढांचे में सुधार के बिना स्थायी समाधान संभव नहीं है। यदि जल्द सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में यातायात व्यवस्था और गंभीर रूप से चरमरा सकती है।

