मुठभेड़ में पैर पर लगी गोली, 10 मामलों में फरार आरोपी अरेस्ट

नवभारत टाइम्स

सोहना क्राइम ब्रांच ने मुठभेड़ के बाद एक कुख्यात अपराधी राशिद को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में राशिद के पैर में गोली लगी है। वह चोरी और आर्म्स एक्ट के करीब 10 मामलों में फरार था। पुलिस ने उसे लूट की वारदात को अंजाम देने से पहले पकड़ा। मौके से हथियार और बाइक बरामद हुई है।

10 cases absconding notorious criminal arrested in encounter bullet injury in leg
गुड़गांव क्राइम ब्रांच की सोहना टीम ने एक मुठभेड़ के बाद राजस्थान के कुख्यात अपराधी राशिद को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में राशिद के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राशिद पर चोरी और आर्म्स एक्ट के करीब 10 मामले दर्ज हैं और वह लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।

बुधवार रात को सोहना क्राइम ब्रांच इंचार्ज एसआई विनय को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक वांछित अपराधी बिना नंबर की अपाचे बाइक पर हथियारों के साथ सोहना की ओर आ रहा है। पुलिस ने फौरन रायपुर नाका के पास घेराबंदी कर ली। जैसे ही पुलिस ने संदिग्ध को रुकने का इशारा किया, उसने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की। पुलिस ने उसका पीछा किया। पीछा करते हुए श्मशान घाट के पास आरोपी की बाइक फिसल गई।
इसके बाद आरोपी ने पुलिस पर दो गोलियां चलाईं। एक गोली पुलिस की गाड़ी के बंपर पर लगी, जबकि दूसरी गोली एसआई विनय के पास से निकल गई। अपनी जान बचाने के लिए पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। इसी फायरिंग में एक गोली राशिद के पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा।

मौके से पुलिस ने आरोपी के पास से एक पिस्टल, चार खाली कारतूस और वारदात में इस्तेमाल होने वाली बिना नंबर की बाइक बरामद की है। जांच में यह भी पता चला है कि राशिद नूंह, फरीदाबाद और गुड़गांव जैसे इलाकों में सक्रिय था। पुलिस ने उसके खिलाफ थाना शहर भौंडसी में मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी फिलहाल अस्पताल में इलाज करवा रहा है। जैसे ही वह अस्पताल से डिस्चार्ज होगा, उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। राशिद पर राजस्थान के डीग में भी कई मामले दर्ज हैं। पुलिस इस मामले की आगे की जांच कर रही है।