चाइनीज मांझे से होने वाली मौतें हत्या जैसी : CM योगी

नवभारत टाइम्स

सीएम योगी आदित्यनाथ ने चाइनीज मांझे से होने वाली मौतों को हत्या के समान बताया है। उन्होंने पुलिस को प्रदेश भर में सघन छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इस अभियान में चाइनीज मांझे की बिक्री, भंडारण और परिवहन पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। सरकार का लक्ष्य प्रदेश को इस खतरनाक मांझे से मुक्त करना है।

चाइनीज मांझे से होने वाली मौतें हत्या जैसी : CM योगी
(फोटो- नवभारत टाइम्स)

NBT रिपोर्ट, लखनऊ: सीएम योगी आदित्यनाथ ने पतंग में इस्तेमाल किए जा रहे चाइनीज मांझे से होने वाली जानलेवा दुर्घटनाओं पर गंभीर रुख अपनाया है। उन्होंने कहा है कि चाइनीज मांझे से होने वाली मौतों को हत्या माना जाएगा और मर्डर का केस माना जाएगा। इस तरह के मामलों में संबंधित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। चाइनीज मांझा पूरी तरह प्रतिबंधित है, इसके बावजूद इसकी उपलब्धता गंभीर चिंता का विषय है। योगी ने शुक्रवार को पुलिस को प्रदेश भर में सघन छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस दौरान चाइनीज मांझे की बिक्री ही नहीं, बल्कि भंडारण और परिवहन पर भी कठोर नजर रखी जाए। अभियान चलाकर चाइनीज मांझे की खरीद बिक्री से जुड़े नेटवर्क को पूरी तरह तोड़ा जाए। इस अभियान की प्रगति और कार्रवाई की उच्च स्तर पर नियमित समीक्षा करें, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि जनता की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता है। चाइनीज मांझा न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह आमजन, बच्चों और पशु-पक्षियों के लिए जानलेवा खतरा भी है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश को इस खतरनाक मांझे से पूरी तरह मुक्त किया जाए।