Container Drivers Dangerous Stunt On Mumbai Expressway Video Goes Viral Police Register Case
एक्सप्रेसवे पर कंटेनर से स्टंट, विडियो वायरल
नवभारत टाइम्स•
मुंबई एक्सप्रेसवे पर दो कंटेनर चालकों ने तेज रफ्तार में खतरनाक स्टंट किए। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इस स्टंट से अन्य वाहन चालकों के लिए खतरा पैदा हो गया। वीडियो 3 फरवरी का बताया जा रहा है। एनएचएआई की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
नूंह जिले से गुजर रहे मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर दो ट्रक ड्राइवरों ने जानलेवा स्टंट किए। 3 फरवरी को भाकरोजी गांव के पास, दो बंद बॉडी कंटेनर के चालकों ने तेज रफ्तार में अपनी गाड़ियां खतरनाक तरीके से चलाईं। इस स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें दोनों ड्राइवर अपनी गाड़ियों को लापरवाही से टेढ़ा-मेढ़ा चलाते दिख रहे हैं। इस स्टंट से न केवल उनकी जान खतरे में पड़ी, बल्कि सड़क पर चल रहे दूसरे वाहन चालकों के लिए भी बड़ा खतरा पैदा हो गया। डर के मारे कई वाहन चालकों को अपनी गाड़ियां साइड में खड़ी करनी पड़ीं।
यह वीडियो NHAI तक पहुंचा तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक्सप्रेसवे पर ऐसे स्टंट अक्सर होते रहते हैं। वे बताते हैं कि इन खतरनाक हरकतों से राहगीरों और दूसरे ड्राइवरों की जान को गंभीर खतरा है। लोगों का कहना है कि इतना हाईटेक होने के बावजूद एक्सप्रेसवे पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती।फिरोजपुर झिरका थाना के अडिशनल एसएचओ यादराम ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि वे ड्राइवरों की पहचान के करीब हैं और जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाना किसी के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता है।