राख से जांचेंगे कि ड्रमों में भरा था कौन सा केमिकल

नवभारत टाइम्स

फरीदाबाद के मुजेसर इलाके में मेटल शीट फैक्ट्री में लगी आग की जांच तेज हो गई है। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से सैंपल लिए हैं। इन सैंपलों की जांच से आग के कारणों का पता चलेगा। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पावर सप्लाई बहाल कर दी गई है, लेकिन घटनास्थल के आसपास अभी भी घेराबंदी है।

faridabad metal factory fire chemical investigation begins from ash short circuit or flammable substance the cause

n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद

मुजेसर इलाके में 16 फरवरी को मेटल शीट फैक्ट्री में भीषण आग की घटना के बाद जांच ने रफ्तार पकड़ ली है। आग के कारणों का पता लगाने के लिए एफएसएल की केमिकल एक्सपर्ट टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से सैंपल लिए। इस दौरान डीसी आयुष सिन्हा की तरफ से गठित जांच टीम भी मौजूद रही। एफएसल की टीम यहां करीब दो घंटे तक रुकी और जली हुई सामग्री, राख और अन्य संदिग्ध पदार्थों के नमूने सावधानीपूर्वक सील कर जांच के लिए अपने साथ ले लिए। इन सैंपलों की प्रयोगशाला में जांच की जाएगी ताकि यह स्पष्ट हो सके कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या किसी ज्वलनशील पदार्थ के इस्तेमाल की वजह से। टीम ने पड़ोस के वर्कशॉप में काम करने वालों से भी पूछताछ की है। उनसे वहां रखे सिलिंडर के बारे में जानकारी ली गई। स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। फरेंसिक टीम ने घटनास्थल के ठीक बगल एक स्टील वर्कशॉप से सीसीटीवी की डीवीआर अपने साथ ले गई है।

पावर सप्लाई हुई बहाल

आगजनी की घटना के बाद इंडस्ट्रियल इलाके की पावर सप्लाई बंद कर दी गई थी, जिसे बुधवार को बहाल कर दी गई। आसपास के वर्कशॉप में काम शुरू हो गया है लेकिन घटनास्थल के 100 मीटर के इलाके में अभी भी पुलिस की घेराबंदी बनी हुई है। अगले आदेश के बाद ही इसे ट्रैफिक के लिए खोला जाएगा। इसके चलते लोगों को अंदर गलियों से होकर जाना पड़ रहा है, जिसके चलते जाम से लोग परेशान हैं। उनका कहना है कि इसके चलते मटीरियल लोडिंग और अनलोडिंग में परेशानी हो रही है।

रेकमेंडेड खबरें