Ghaziabad Youth Called On Pretext Of Money Held Hostage Beaten With Sticks And Attacked With Knife
युवक को बहाने से बुलाया फिर बंधक बनाकर पीटा
नवभारत टाइम्स•
गाजियाबाद के नंदग्राम में रुपयों के हिसाब के बहाने एक युवक को घर बुलाया गया। वहां उसे कमरे में बंद कर डंडों से पीटा गया और चाकू से हमला कर घायल कर दिया गया। युवक के दोस्त ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गाजियाबाद के नंदग्राम इलाके में रुपयों के लेनदेन के बहाने एक युवक को घर बुलाकर बेरहमी से पीटने और चाकू से हमला कर घायल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सद्दीकनगर निवासी सोनू उर्फ सोहनवीर ने इस संबंध में सीपी से शिकायत की है, जिसके बाद नंदग्राम थाने में अनुपम निम्मी, आदु उर्फ आदेश निम्मी, गीता निम्मी, टोला, सना खान और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। यह घटना 14 फरवरी की शाम को हुई, जब सोनू को पुराने हिसाब-किताब के बहाने गीता निम्मी के घर बुलाया गया था।
सोनू ने अपनी शिकायत में बताया कि 14 फरवरी की शाम करीब साढ़े 6 बजे गीता निम्मी ने उसे पैसों के पुराने हिसाब के लिए अपने घर बुलाया। वह अपने एक दोस्त के साथ वहां पहुंचा, लेकिन उसका दोस्त घर के बाहर ही इंतजार करता रहा। आरोप है कि घर के अंदर अनुपम निम्मी, आदु उर्फ आदेश निम्मी, टोला, सना खान और तीन-चार अन्य लोग पहले से मौजूद थे। जैसे ही सोनू ने बकाया रकम के बारे में पूछा, अनुपम निम्मी ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से सोनू खुद को बचा भी नहीं पाया।इसके बाद, बाकी आरोपियों ने लाठी-डंडों और अन्य चीजों से सोनू की जमकर पिटाई की। पिटाई के बाद आरोपियों ने सोनू को एक कमरे में बंद कर दिया और बारी-बारी से पीटते रहे। सोनू की चीख-पुकार सुनकर बाहर इंतजार कर रहे उसके दोस्त को अनहोनी की आशंका हुई। उसने तुरंत डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के आने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने सोनू की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इस घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।