तेज़ रफ्तार कार ने बाइक में मारी टक्कर, युवक की मौत

नवभारत टाइम्स

फर्रुखनगर में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने पीछे से बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और कार चालक की तलाश जारी है।

speeding car crushes biker dies on spot accused flees
गुड़गांव के फर्रुखनगर थाना इलाके में एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने बाइक सवार युवक को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी की तलाश कर रही है।

झज्जर के गांव याकुबपुर के रहने वाले नीरज ने बताया कि उनका 30 वर्षीय भाई गोविंद बाइक से फर्रुखनगर की ओर जा रहा था। जब वह फर्रुखनगर पहुंचा, तो पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने उसे टक्कर मार दी। इस टक्कर के बाद गोविंद गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। गोविंद डीजे का काम करता था और किसी बुकिंग के सिलसिले में फर्रुखनगर आया था।
मामले की जांच कर रहे एएसआई सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस अब उस कार चालक की तलाश में जुटी है जिसने यह लापरवाही की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से कार और उसके चालक का सुराग लगाने की कोशिश कर रही है। अभी तक पुलिस को आरोपी कार चालक के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है। पुलिस का कहना है कि वे जल्द ही आरोपी को पकड़ लेंगे।