Vrindavan Fire In Premanand Maharajs Flat Disciples Misbehaved With Media And Police
वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के फ्लैट में लगी आग, सामान जला
नवभारत टाइम्स•
वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के फ्लैट में आग लग गई। आग से काफी नुकसान हुआ। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। इस दौरान बाबा के शिष्यों ने मीडिया कर्मियों और अधिकारियों से अभद्रता की। कुछ लोगों के मोबाइल भी छीन लिए गए। यह घटना श्रीकृष्ण शरणम् आवासीय सोसायटी में हुई।
मथुरा के वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के फ्लैट में शनिवार देर रात आग लग गई। आग लगने की सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। इस दौरान, संत प्रेमानंद के कुछ शिष्यों ने सीओ सदर, कोतवाली प्रभारी और मीडिया कर्मियों से अभद्रता की। शिष्यों पर कई लोगों के मोबाइल छीनने का भी आरोप लगा है। आग से फ्लैट में हुए नुकसान का अभी अंदाजा नहीं लग सका है।
यह घटना श्रीकृष्ण शरणम् आवासीय सोसायटी के गोविंदा ब्लॉक में हुई, जहां संत प्रेमानंद का फ्लैट है। संत प्रेमानंद करीब एक महीने पहले तक इसी फ्लैट में रहते थे। अब उनके शिष्य यहां रह रहे थे, क्योंकि संत प्रेमानंद परिक्रमा मार्ग स्थित श्री राधा केलि कुंज आश्रम में शिफ्ट हो गए हैं। शनिवार की देर रात, फ्लैट नंबर 212 से जलने की बदबू आने पर पड़ोसियों ने तुरंत इसकी जानकारी दी।आग फैलती देख आसपास के फ्लैटों में रहने वाले लोग घबरा गए। वे धुएं से बचते हुए सुरक्षित बाहर निकलने लगे। तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई। आग लगने की खबर मिलते ही श्री राधा केलि कुंज आश्रम से बाबा के शिष्य मौके पर पहुंच गए और फ्लैट को घेर लिया।
आरोप है कि इस दौरान जो लोग वीडियो बना रहे थे, उनके मोबाइल फोन छीन लिए गए। इतना ही नहीं, मौके पर पहुंचे सीओ सदर प्रीतमपाल सिंह और कोतवाली प्रभारी संजय पांडे को भी जानकारी लेने से रोका गया। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। फ्लैट में आग से कितना नुकसान हुआ है, इसका भी अभी आकलन नहीं किया गया है। यह घटना वृंदावन में चर्चा का विषय बनी हुई है।