Case Registered For Making Obscene Video Blackmailing Assault And Attempted Rape
अश्लील विडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप
नवभारत टाइम्स•
ग्रेटर नोएडा में एक विवाहिता ने पति और उसके दोस्तों पर अश्लील वीडियो बनाने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि वीडियो के सहारे उसे ब्लैकमेल किया गया और दुष्कर्म का प्रयास भी किया गया। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर पति समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्रेटर नोएडा की सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर एक विवाहिता की शिकायत पर उसके पति समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। महिला का आरोप है कि उसके पति ने दोस्तों के साथ मिलकर उसका अश्लील वीडियो बनाया और फिर उसे ब्लैकमेल किया। वीडियो के आधार पर उससे पैसे मांगे गए और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास भी किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सूरजपुर इलाके की रहने वाली पीड़िता ने बताया कि दिसंबर 2023 में उसकी शादी बाराबंकी के ललितेश कुमार से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही 15 जनवरी 2024 को उसके पति ने अपने दोस्तों नीरज वर्मा, राकेश वर्मा और निशा, जो लखनऊ के त्रिलोकपुर के रहने वाले हैं, के कहने पर उसका आपत्तिजनक वीडियो बना लिया। आरोप है कि इस वीडियो को सभी आरोपियों को भेज दिया गया।इसके बाद नीरज और राकेश वीडियो का इस्तेमाल कर पीड़िता को ब्लैकमेल करने लगे। उन्होंने महिला से पैसों की मांग की और उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश भी की। पीड़िता का कहना है कि आरोपी निशा भी इस सब में उनका साथ देती थी। उन्होंने जबरन घर में घुसकर छेड़छाड़ भी की।
परेशान होकर पीड़िता ने पहले सूरजपुर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। जब पुलिस ने कोई मदद नहीं की तो पीड़िता ने न्याय के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। अब कोर्ट के आदेश के बाद सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने पति ललितेश कुमार, उसके दोस्त नीरज वर्मा, राकेश वर्मा और निशा शर्मा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।