NBT रिपोर्ट, मेरठ: एटा के एक युवक-युवती ने एक महीने पहले प्रयागराज के आर्य समाज मंदिर में प्रेम विवाह किया। दोनों गांव आ गए। रविवार की रात दोनों छत पर बात कर रहे थे। आरोप है कि युवती के घरवालों ने अपनी बेटी और युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। लड़की के शव को छत पर ही छोड़ दिया। लहूलुहान लड़के को पड़ोसी की छत पर फेंक दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने सांसे चलती देख युवक को अस्पताल ले जाने लगी, रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने लड़की के पिता को पकड़ लिया है। एसएसपी श्याम नारायण सिंह का कहना है कि दोनों ने प्रेम विवाह किया था। लड़की के पिता अशोक कुमार को पुलिस ने पकड़ लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। ग्रामीणों और दोनों के परिवारों से पूछताछ की जा रही है। घटना एटा जिला मुख्यालय से 30 किलोमीटर दूर जैथरा थाना के गढ़िया सुहागपुर गांव की है। युवक और युवती दोनों पड़ोसी थे। पुलिस के मुताबिक दोनों में काफी नजदीकी थी। दोनों शादी करना चाहते थे। दोनों के घर वाले इसके लिए राजी नहीं थे। लड़की वालों ने बेटी को नवंबर 2025 में फूफा के घर कन्नौज भेज दिया था। पुलिस ने बताया कि दोनों की मोबाइल पर बातें होती रहती थी। 11 नवंबर 2025 को युवक-युवती प्रयागराज भाग गए। उसी दिन प्रयागराज के आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली। दोनों प्रयागराज में किराए के मकान में रहने लगे। 15 दिसंबर को दोनों के परिजन लड़की के फूफा के यहां कन्नौज पहुंचे। पंचायत कर दोनों परिवारों के बीच समझौता हुआ कि बेटी वाले लड़की को वापस ले जाएंगे, कोई कानूनी कार्रवाई नहीं करेंगे।
गांव वालों ने पुलिस को बताया कि शनिवार को युवती अपने घर लौट आई। रविवार रात को युवक लड़की से मिलने उसके घर पहुंचा। दोनों छत पर बात करने लगे। आरोप है कि तभी लड़की के घरवालों ने दोनों को पकड़ लिया। दोनों को लाठी-डंडों से पीटा। भीड़ जमा हो गई। दोनों चीखते-चिल्लाते रहे। छोड़ने की गुहार लगाते रहे लेकिन किसी ने मदद नहीं की। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि परिजनों ने पिटाई के बाद पहले अपनी बेटी का गला काटा। उसके बाद युवक का भी गला रेत दिया। दीपक को लहुलुहान हालत में पड़ोसी की छत पर फेंक दिया। ग्रामीणों की सूचना पर एसएसपी श्याम नारायण सिंह गांव पहुंचे। बकौल पुलिस तब तक युवती मर चुकी थी। युवक का सांस चल रहा था। उसने अस्पताल ले जाते वक्त दम तोड़ दिया। युवती की मां ने पुलिस से कहा कि हत्या किसने की पता नहीं।



