Two Smugglers From Delhi mumbai Arrested With Mdma In Gurgaon 8 Grams Of Drugs Recovered
MDMA के साथ दिल्ली, मुंबई के दो तस्कर अरेस्ट
नवभारत टाइम्स•
गुड़गांव पुलिस ने दिल्ली और मुंबई के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 8 ग्राम एमडीएमए बरामद हुई है। यह ड्रग्स पार्टी ड्रग के नाम से जानी जाती है और इसका नशा दिमाग पर बुरा असर डालता है। आरोपी इसे ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में थे।
गुड़गांव: क्राइम ब्रांच सेक्टर-31 की पुलिस ने दो युवकों को 8 ग्राम MDMA नाम के खतरनाक नशे के साथ गिरफ्तार किया है। ये युवक इस ड्रग को दिल्ली से खरीदकर गुड़गांव में ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में थे, लेकिन सौदा करने से पहले ही पुलिस ने इन्हें पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिल्ली के सरस्वती विहार निवासी राकेश साहनी और मुंबई के निर्मल नगर ईस्ट निवासी दिनेश के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच के लिए इन्हें रिमांड पर लेने की तैयारी में है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग सेक्टर-38 स्थित मोड़ी मून होटल के पास संदिग्ध कार में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने वहां नाकाबंदी की और एक कार को रोका। जब पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें से 8 ग्राम MDMA बरामद हुई। पूछताछ में पता चला कि दिनेश ने यह ड्रग दिल्ली से 1600 रुपये प्रति ग्राम के हिसाब से खरीदी थी। वह राकेश के साथ मिलकर इसे गुड़गांव में ज्यादा पैसों में बेचने वाला था।MDMA एक बेहद खतरनाक केमिकल ड्रग है, जिसे लोग ' पार्टी ड्रग ' भी कहते हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इसका नशा दिमाग पर बहुत बुरा असर डालता है। यह ड्रग अक्सर रेव पार्टियों में इस्तेमाल होती है। MDMA का नशा करीब 10 से 12 घंटे तक रहता है। एक ग्राम MDMA से 10 से 12 पुड़ियां तैयार की जा सकती हैं, जिन्हें बेचा जाता है।
पुलिस अब इन आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी। इसका मकसद यह पता लगाना है कि इस ड्रग तस्करी के नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसका मुख्य सप्लायर कौन है। पुलिस इस पूरे गिरोह का पर्दाफाश करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।