कूरियर के ज़रिए ओडिशा से दिल्ली आ रहा था गांजा

नवभारत टाइम्स

दिल्ली पुलिस ने ओडिशा से गांजा तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से 165 किलो से अधिक गांजा बरामद हुआ है। पुलिस का मानना है कि यह गिरोह एक साल में 5000 किलो गांजा खपा चुका है। यह गिरोह कूरियर के जरिए गांजा मंगवाता था।

ganja was coming to delhi from odisha via courier crime branch nabs three smugglers
क्राइम ब्रांच ने एक बड़े ड्रग्स तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से 165.74 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ है। पुलिस का दावा है कि यह गिरोह पिछले एक साल में दिल्ली में करीब 5000 किलोग्राम गांजा खपा चुका है। यह गैंग ओडिशा से कूरियर के ज़रिए दिल्ली में गांजा भेजता था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खिचड़ीपुर निवासी सोनू (30), ज्वालापुरी निवासी अजीत (41) और ओडिशा के पुरी निवासी रुद्रप्रताप उर्फ पप्पू (24) के तौर पर हुई है।

यह खुलासा 24 दिसंबर को मंगोलपुरी में हुआ, जब पुलिस को सोनू और अजीत के गांजा की खेप लेने-देने आने की सूचना मिली। एसीपी उमेश बर्थवाल के नेतृत्व में इंस्पेक्टर योगेश माथुर और विनोद कुमार की टीम ने कार्रवाई की। रात करीब 8:40 बजे, दिल्ली नंबर के एक स्कूटर पर सवार एक शख्स तीन कार्टन लेकर पहुंचा। कुछ ही देर बाद, दूसरी दिल्ली नंबर की स्कूटर पर एक और युवक आया। जैसे ही दोनों कार्टन का लेन-देन करने लगे, पुलिस टीम ने उन्हें धर दबोचा। इन कार्टन से 47.34 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। सोनू और अजीत को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान, आरोपी अजीत ने बताया कि यह गांजा ओडिशा के पप्पू ने भेजा था। इसके बाद, पुलिस की टीम 1800 किलोमीटर दूर ओडिशा के पुरी पहुंची। वहां, कूरियर कंपनी के मैनेजर ने खुलासा किया कि पप्पू ने दिल्ली के लिए सात बॉक्स की एक और खेप भेजी थी। पुलिस ने दिल्ली स्थित कूरियर कंपनी के ऑफिस में छापा मारा और अजीत की निशानदेही पर 118.40 किलोग्राम और गांजा बरामद किया। इस पूरे ऑपरेशन में पुलिस ने तीन हफ्तों तक टेक्निकल सर्विलांस का इस्तेमाल किया।

यह गिरोह कूरियर सेवाओं का इस्तेमाल करके ओडिशा से दिल्ली तक गांजा पहुंचाता था। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इस गिरोह के तार और कहां-कहां जुड़े हैं और कितने समय से यह तस्करी चल रही थी। गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ जारी है ताकि इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों का भी पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि वे ड्रग्स तस्करी के खिलाफ अपनी कार्रवाई जारी रखेंगे।